{"_id":"6930ea5133665d9c4d069306","slug":"passengers-create-ruckus-at-airport-after-delhi-chandigarh-indigo-flight-gets-cancelled-2025-12-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"एयरपोर्ट पर हंगामा: दिल्ली-चंडीगढ़ इंडिगो फ्लाइट कैंसिल...यात्रियों का नहीं मिला सामान; 150 लोगों ने काटा बवाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एयरपोर्ट पर हंगामा: दिल्ली-चंडीगढ़ इंडिगो फ्लाइट कैंसिल...यात्रियों का नहीं मिला सामान; 150 लोगों ने काटा बवाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चडीगढ़
Published by: अंकेश ठाकुर
Updated Thu, 04 Dec 2025 07:26 AM IST
सार
शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर इंडिगो की उड़ानों में तकनीकी खामियों और क्रू सदस्यों की कमी के कारण बड़ी परेशानी देखने को मिली। चंडीगढ़ से आने-जाने वाली करीब 15 उड़ानें लेट हुईं जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
इंडिगो का विमान (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : ANI
विज्ञापन
विस्तार
दिल्ली से चंडीगढ़ के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट यात्रियों के पांच घंटे के इंतजार के बाद रद्द कर दी गई। इससे परेशान होकर करीब 150 से अधिक यात्रियों ने दिल्ली एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया। यात्रियों के बढ़ते विरोध को देखते हुए एयरलाइन ने उन्हें डिनर के बहाने एयरपोर्ट से ही बाहर निकाल दिया।
Trending Videos
इसके बाद यात्रियों को दोबारा चेक-इन प्रक्रिया में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बनारस से चंडीगढ़ आ रहे अश्वनी शर्मा ने बताया कि वह बुधवार दोपहर बनारस से कनेक्टिंग फ्लाइट लेकर दिल्ली पहुंचे थे और शाम सात बजे चंडीगढ़ के लिए उड़ान पकड़नी थी लेकिन पांच घंटे से अधिक इंतजार के बाद फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। इसके बाद यात्रियों को सामान लेने के लिए भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। फ्लाइट लेट होने की स्थिति में जब यात्रियों ने सामान की मांग की तो उन्हें वह नहीं दिया गया। सामान के लिए उन्हें कभी टर्मिनल एक तो कभी तीन की ओर दौड़ाते रहे। इससे यात्रियों का आक्रोश और बढ़ गया। इसके बाद रात करीब 12 बजे फ्लाइट रद्द कर दी गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर इंडिगो की 15 उड़ानें लेट, एक दिल्ली डायवर्ट
शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर इंडिगो की उड़ानों में तकनीकी खामियों और क्रू सदस्यों की कमी के कारण बड़ी परेशानी देखने को मिली। चंडीगढ़ से आने-जाने वाली करीब 15 उड़ानें लेट हुईं जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। श्रीनगर से सुबह 11.45 बजे आने वाली फ्लाइट को दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा, वहीं दो उड़ानों को रद्द भी किया गया। उड़ानों की देरी से एयरपोर्ट पर यात्रियों और इंडिगो के स्टाफ के बीच बहसबाजी की स्थिति बनी। इसके बाद एयरलाइन ने आधिकारिक बयान जारी कर ऑपरेशन में हुई परेशानी के लिए क्षमा मांगी और यात्रियों से आग्रह किया कि वे फ्लाइट की स्थिति पहले https://www.goindigo.in/check-flight-status.html पर चेक करें।
देरी की लंबी सूची
7.20 बजे चेन्नई जाने वाली उड़ान 10.54 बजे, 11.05 इंदौर जाने वाली उड़ान 13.42 बजे, 12.45 बजे मुंबई जाने वाली उड़ान 16.13 बजे, 14.30 बजे गोवा जानेे वाली उड़ान 15.39 बजे, 14.55 पर हैदराबाद जाने वाली उड़ान 16.05 बजे, 15.55 पर मुंबई जाने वाली उड़ान 20.40 बजे, 16.05 पर बंगलूरू जाने वाली उड़ान 16.41 बजे, 12.35 पर दिल्ली जाने वाली उड़ान 18.00 बजे उड़ी। इंदौर से 10.35 पर आने वाली उड़ान 12.40 बजे, मुंबई से 11.55 पर आने वाली उड़ान 14.57 बजे, हैदराबाद से 12.05 पर आने वाली उड़ान 15.38 बजे आई। दिल्ली से 12.55 पर आने वाली उड़ान 13.46 बजे आई। वहीं, चेन्नई से 13.55 पर आने वाली उड़ान 18.15 बजे पहुंची। हैदराबाद से 14.25 पर आने वाली उड़ान 15.05 बजे आई। कोलकाता की उड़ान को रद्द कर दिया गया।
नेटवर्क में ऑपरेशन पर पड़ा असर
इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि पिछले दो दिनों में पूरे नेटवर्क में ऑपरेशन पर असर पड़ा है। छोटी-मोटी तकनीकी समस्याएं, मौसम के कारण शेड्यूल में बदलाव, एविएशन सिस्टम में भीड़, और अपडेटेड क्रू रोस्टरिंग नियम (फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन) को लागू करने में चुनौतियों के कारण उड़ानों में देरी हुई। प्रवक्ता ने कहा कि हम शेड्यूल में बदलाव कर रहे हैं। ये उपाय अगले 48 घंटों तक लागू रहेंगे। हमारी टीमें 24 घंटे काम कर रही हैं। प्रभावित यात्रियों को मंजिल तक पहुंचाने के लिए दूसरी व्यवस्था या रिफंड दिया जा रहा है।