भोरमदेव जंगल सफारी: घने जंगलों के बीच रोमांच का नया सफर, डिप्टी सीएम, वन मंत्री ने किया शुभारंभ
कबीरधाम जिले में प्रकृति व रोमांच के संगम के रूप में विकसित भोरमदेव जंगल सफारी का आज रविवार को शुभारंभ हुआ। स्थानीय कवर्धा विधायक व डिप्टी सीएम विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद संतोष पाण्डेय ने फीता काटकर लोकार्पण किया।
विस्तार
कबीरधाम जिले में प्रकृति व रोमांच के संगम के रूप में विकसित भोरमदेव जंगल सफारी का आज रविवार को शुभारंभ हुआ। स्थानीय कवर्धा विधायक व डिप्टी सीएम विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद संतोष पाण्डेय ने फीता काटकर लोकार्पण किया। लगभग 36 किमी लंबी यह जंगल सफारी घने वनों, ऊंची पहाड़ियों और समृद्ध जैव विविधता के बीच पर्यटकों को न केवल रोमांचक अनुभव देगी, बल्कि छग को प्राकृतिक सौंदर्य के बीच इको-टूरिज्म के नक्शे पर नई पहचान भी मिलेगी। करीब 352 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले इस अभ्यारण्य में 36 किमी लंबा जंगल सफारी रूट तैयार किया गया है। सफारी का मुख्य प्रवेश द्वार भोरमदेव मंदिर के समीप करियाआमा क्षेत्र में बनाया गया है,जहां से पर्यटक प्रवेश करेंगे।शुभारंभ कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा नेचर गाइड को जिप्सी की चाबी, टेंट कैंपिंग सामग्री प्रदान की गई। महिला स्व-सहायता समूहों को बर्तन किट वितरण किया। इसके बाद अतिथियों द्वारा दूरदूरी जलप्रपात तक सफारी भ्रमण किया गया।
वन्यजीवों को नजदीक से देख सकेंगे : विजय शर्मा
विजय शर्मा ने कहा कि भोरमदेव जंगल सफारी घने जंगलों के बीच विकसित एक रोमांचक और अद्वितीय पर्यटन स्थल है, जहां पर्यटक प्राकृतिक परिवेश में खुले वातावरण में वन्यजीवों को नजदीक से देख सकेंगे। उन्होंने इस क्षेत्र के मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थान प्रकृति प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।
हम सभी के लिए गर्व का विषय : वन मंत्री
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जंगल, जल और पहाड़ सदैव से दुनिया भर के लोगों को अपनी ओर आकर्षित करते रहे हैं और यही किसी भी क्षेत्र को एक प्रमुख पर्यटन केंद्र बनाते हैं। यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि छत्तीसगढ़, विशेषकर भोरमदेव क्षेत्र, प्राकृतिक संपदा से समृद्ध है, जहां के घने जंगल, पर्वत और सुरम्य दृश्य पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करते हैं। उन्होंने कहा कि भोरमदेव जंगल सफारी का निर्माण अत्यंत आकर्षक और व्यवस्थित तरीके से किया गया है, जिससे यहां आने वाले पर्यटक प्रकृति के बीच एक यादगार अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।
