{"_id":"69c247608d9a12e32e09f12e","slug":"traffic-jam-at-imlichhapar-chowk-protest-against-incomplete-overbridge-and-four-lane-construction-korba-news-c-1-1-noi1487-4085312-2026-03-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"Korba News: तीन साल से अधूरा पड़ा है ओवरब्रिज, कांग्रेस और व्यापारियों का अनिश्चितकालीन चक्काजाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Korba News: तीन साल से अधूरा पड़ा है ओवरब्रिज, कांग्रेस और व्यापारियों का अनिश्चितकालीन चक्काजाम
अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा
Published by: कोरबा ब्यूरो
Updated Tue, 24 Mar 2026 02:38 PM IST
विज्ञापन
सार
कोरबा-पश्चिम कुसमुंडा क्षेत्र के इमलीछापर चौक पर तीन वर्ष से अधूरे पड़े ओवरब्रिज और फोरलेन सड़क निर्माण के विरोध में कांग्रेस, स्थानीय व्यापारियों और आमजन ने मंगलवार सुबह 11 बजे से अनिश्चितकालीन चक्काजाम शुरू कर दिया।
korba
विज्ञापन
विस्तार
पश्चिम कुसमुंडा क्षेत्र के इमलीछापर चौक पर मंगलवार को अनिश्चितकालीन चक्काजाम आंदोलन शुरू हो गया। यह आंदोलन लंबे समय से अधूरे पड़े ओवरब्रिज और फोरलेन सड़क निर्माण के विरोध में है। सुबह 11 बजे से शुरू हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेसी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय व्यापारी और आमजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।
Trending Videos
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शुरू हुए इस चक्काजाम से कोरबा-कुसमुंडा मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दुपहिया वाहनों को विकास नगर कॉलोनी के रास्ते से निकाला जा रहा है। वहीं, चार पहिया और भारी वाहनों के पहिए पूरी तरह थम गए हैं। इमलीछापर चौक पर पिछले तीन वर्षों से ओवरब्रिज और फोरलेन सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

एसईसीएल के सीएसआर फंड से सर्वमंगला चौक से कुचैना मोड़ तक फोरलेन सड़क बन रही है। लेकिन इमलीछापर चौक के पास काम लंबे समय से रुका हुआ है। रेलवे फाटक से राहत के लिए शुरू किया गया ओवरब्रिज निर्माण भी अधूरा है। निर्माण कार्य ठप होने से इमलीछापर चौक से कुचैना मोड़ तक सड़क जर्जर हो चुकी है। दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
ओवरब्रिज नहीं बनने के कारण लोगों को रेलवे फाटक पर लंबा इंतजार करना पड़ता है। उन्हें वैकल्पिक मार्ग से लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे कुसमुंडा सहित गेवरा-दीपका, बांकीमोंगरा और हरदीबाजार के लोग प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की लगातार मांग के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ गया है।
विकास नगर वार्ड की पार्षद गीता गभेल के नेतृत्व में यह आंदोलन शुरू हुआ है। कुसमुंडा व्यापारी संघ के अध्यक्ष अशोक राठौर ने प्रशासन पर आश्वासन देकर भूल जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि काम शुरू होने तक आंदोलन जारी रहेगा। ओवरब्रिज निर्माण का कार्य राइट्स द्वारा कराया जा रहा है, जो करीब दो वर्ष पहले अतिक्रमण के कारण रुका था। नौ माह पूर्व अतिक्रमण हटाने के बावजूद कार्य दोबारा शुरू नहीं हुआ है। मौके पर पुलिस बल भी तैनात है।