{"_id":"69dcaea38daa75eccf092002","slug":"operation-aaghat-jashpur-and-raigarh-police-seize-112-kg-of-illicit-ganja-from-car-54-lakhs-rs-2026-04-13","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"ऑपरेशन आघात: जशपुर-रायगढ़ पुलिस की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, कार से 54 लाख का गांजा जब्त; दिल्ली जा रही थी खेप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ऑपरेशन आघात: जशपुर-रायगढ़ पुलिस की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, कार से 54 लाख का गांजा जब्त; दिल्ली जा रही थी खेप
अमर उजाला नेटवर्क, जशपुर
Published by: अनुज कुमार
Updated Mon, 13 Apr 2026 02:22 PM IST
विज्ञापन
सार
नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जशपुर और रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक लग्जरी कार से 112 किलो 770 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 54 लाख रुपये बताई जा रही है।
दो तस्कर पकड़े
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन आघात' के तहत जशपुर और रायगढ़ पुलिस को रविवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्यवाही के दौरान पुलिस ने पत्थलगांव के पास घेराबंदी कर एक लग्जरी कार से 112 किलो 770 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस गांजे की कीमत लगभग 54 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
Trending Videos
संबलपुर से दिल्ली जा रही थी खेप
जानकारी के अनुसार, पकड़े गए आरोपी संजीव कुमार नट (इटावा, यूपी) और विजय पंडित (लोनावाला, पुणे) उड़ीसा के संबलपुर से भारी मात्रा में गांजा लेकर लैलूंगा और पत्थलगांव के रास्ते उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे थे। रायगढ़ पुलिस को मुखबिर से इसकी सटीक सूचना मिली थी, जिसके बाद लैलूंगा पुलिस लगातार संदिग्ध टोयोटा इटियस कार (DL-3CB-5298) का पीछा कर रही थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
नाले में फंसी कार और धरे गए तस्कर
रायगढ़ पुलिस के इनपुट पर जशपुर पुलिस ने पत्थलगांव के पुरानी बस्ती के पास मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर दी। सोमवार की दोपहर करीब 2:00 बजे जैसे ही संदिग्ध कार वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया। चालक ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन पीछा कर रही पुलिस टीम के दबाव के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक नाले के गड्ढे में जा फंसी। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान कार से 07 प्लास्टिक बोरियों में लिपटा 112.770 किलो गांजा मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ सहित तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जप्त कर लिया है, जिसकी कुल कीमत 54 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में पत्थलगांव थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, उप निरीक्षक कृपादान लकड़ा और लैलूंगा पुलिस की टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य स्थानीय संपर्कों की तलाश कर रही है।
डीएसपी ध्रुवेश जायसवाल ने अमर उजाला को बताया कि गांजा तस्करी कर रहे संजीव कुमार नट (30), विजय पंडित (28) से 112 किलो 770 ग्राम गांजा (मूल्य 54 लाख), टोयोटा कार (मूल्य 2 लाख) जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों पर एनडीपीएस की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत कार्रवाई की जा रही है।