{"_id":"68753c302b495bb7f200f8b9","slug":"plight-of-kutcha-road-in-khanpur-kurmi-village-of-kannauj-2025-07-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"कीचड़ में तब्दील कच्ची सड़क: चारपाई पर मरीज को ले जाना पड़ा, BDO ने बोला- निर्माण के लिए बजट नहीं; देखें Video","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कीचड़ में तब्दील कच्ची सड़क: चारपाई पर मरीज को ले जाना पड़ा, BDO ने बोला- निर्माण के लिए बजट नहीं; देखें Video
अमर उजाला नेटवर्क, बिलासपुर
Published by: श्याम जी.
Updated Mon, 14 Jul 2025 10:54 PM IST
विज्ञापन
सार
कन्नौज के खानपुर कुर्मी गांव में बारिश से जलमग्न कच्ची सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई। बीमार व्यक्ति को चारपाई पर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ा। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग की है। वहीं, बीडीओ ने बजट की कमी बताकर अगली कार्ययोजना में निर्माण का आश्वासन दिया।
कीचड़ में तब्दील कच्ची सड़क
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
छिबरामाऊ में ग्राम सभा नंदलालपुर के खानपुर कुर्मी गांव जाने वाला कच्चा संपर्क मार्ग बारिश में जलभराव के कारण कीचड़ में तब्दील हो गया। करीब आठ मीटर की सड़क पर वाहन पहुंचना तो दूर पैर निकलने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सोमवार को गांव के एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने पर परिजन वाहन न पहुंच पाने के कारण उसे चारपाई पर लेकर मुख्य सड़क तक पहुंचे, जिसका किसी ने वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया।
Trending Videos
केंद्र व प्रदेश सरकार गांवों के विकास पर पैसा पानी की तरह बहा रही है। गांवों को शहरों से जोड़ने के लिए पक्की सड़कों का निर्माण कराए जाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन विकास खंड के गांव खानपुर कुर्मी जाने वाले आम संपर्क मार्ग की हालत देखकर यह दावे पूरी तरह से फेल नजर आते हैं। गांव की आबादी तकरीबन 800 हैं। इस गांव से जाने वाला कच्चा संपर्क मार्ग ताजपुर रोड के अलावा सैंसारपुर, कूंदेपुर, पंथरा व कछपुरा गांव से जोड़ता है। गांव के मोहित दुबे ने बताया कि कई वर्षों से कच्चे संपर्क मार्ग की मरम्मत न होने के कारण दुर्दशा का शिकार है। ट्रैक्टरों आदि के गुजरने से मार्ग गड्ढों में तब्दील हो गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
पिछले दिनों हुई बारिश के कारण सड़क के गड्ढों में पानी भरने से दलदल हो गया है। सड़क निर्माण को लेकर प्रधान से लेकर अफसरों तक से मांग की गई है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सोमवार को गांव के सांस रोगी करन सिंह की हालत बिगड़ गई। घर तक वाहन न पहुंचने पर परिजन चारपाई से लेकर मुख्य सड़क तक पहुंचे। वहां से वाहन की मदद से इलाज के लिए घिलोई ले गए। गांव के राकेश दुबे, जितेंद्र, गोविंद राजपूत, अखिलेश, लल्ला सिंह, आशा देवी, आनंद राजपूत, रवि दुबे व अजय दुबे ने कहा कि दुर्दशाग्रस्त सड़क के कारण गांव के किसी व्यक्ति के साथ अनहोनी होती है तो इसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा।
बीडीओ दीपांकर आर्य ने बताया कि खानपुर कुर्मी गांव की मुख्य सड़क पूरी तरह से सही है। यह अन्य गांवों को जोड़ने वाला शॉर्टकट संपर्क मार्ग है, जिसकी लंबाई करीब 800 मीटर है। अधिकांश ग्रामीण आने जाने के लिए इसी सड़क को प्रयोग करते हैं। पंचायत सचिव से जानकारी की गई, सड़क निर्माण में करीब 20 से 21 लाख रुपये के बजट की जरूरत है। ग्राम पंचायत के खाते में इतनी धनराशि नहीं है। क्षेत्र पंचायत के अगली कार्ययोजना में इस सड़क को शामिल कर निर्माण कराया जाएगा। तब तक सड़क को समतल कराने के लिए प्रधान व सचिव को निर्देशित किया गया है।