सूरजपुर डबल मर्डर का खुलासा: सहेली का पति निकला मां-बेटे का कातिल, 13 दिन बाद गिरफ्तार
सूरजपुर में शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके बेटे सुजल की हत्या की गुत्थी पुलिस ने 13 दिन बाद सुलझा ली है। मामले में मृतका की सहेली के पति प्रवेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
विस्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रवेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी प्रवेश कुमार मोटरपार्ट्स के व्यापार में हुए नुकसान के चलते काफी समय से परेशान चल रहा था। इसी आर्थिक तंगी के कारण उसने हत्या की योजना बनाई थी और कई दिनों तक इसकी प्लानिंग करता रहा। पुलिस ने दोहरे हत्याकांड की जांच के दौरान घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों के साथ-साथ अलग-अलग पहलुओं पर गहन पड़ताल की। इसके बाद पुलिस टीम को आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
सूरजपुर जिले में बीते 10 अक्तूबर को शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके बेटे सुजल की मौत का मामला सामने आया था। वारदात के दिन सुजल का शव महावीरपुर के पास जंगल में मिला था, जबकि शिक्षिका रजनी बरेठ की लाश घर के एक बंद कमरे से बरामद हुई थी। एक ही दिन मां और बेटे का शव दो अलग-अलग जगहों से मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में लगातार जुटी हुई थीं।
पुलिस की जांच में यह बात स्पष्ट हुई है कि आरोपी ने शिक्षिका रजनी बरेठ की गला घोंटकर हत्या की थी। वहीं उनके बेटे सुजल के सिर पर वार कर उसकी जान ली गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में लगातार जुटी हुई थी और अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब पकड़े गए आरोपी प्रवेश कुमार से गहन पूछताछ कर रही है ताकि वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और हत्या की पूरी कड़ी को खंगाला जा सके।