CG: आईजी ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के नक्सल प्रभावित गांवों का किया दौरा, ग्रामीणों को आत्मसमर्पण नीति बताई
पुलिस महानिरीक्षक के बालाजी राव ने सोमवार को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के अंबागढ़ चौकी थाना, मदनवाड़ा, सीतागांव और कोहका थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से घोर नक्सल प्रभावित गांव मुचर में सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम में शिरकत की।
विस्तार
पुलिस महानिरीक्षक के बालाजी राव ने नवगठित जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के नक्सल प्रभावित गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक पुलिसिंग के तहत ग्रामीणों से मुलाकात की और उन्हें विभिन्न सामग्री का वितरण किया।
पुलिस महानिरीक्षक के बालाजी राव ने सोमवार को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के अंबागढ़ चौकी थाना, मदनवाड़ा, सीतागांव और कोहका थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से घोर नक्सल प्रभावित गांव मुचर में सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर ग्रामीणों को सार्वजनिक कार्यक्रमों में भोजन के लिए बर्तनों के सेट और स्कूली बच्चों को खेल सामग्री वितरित की गई।
नक्सल आत्मसमर्पण नीति की जानकारी और सहायता का आश्वासन
इस भ्रमण के दौरान, पुलिस महानिरीक्षक ने ग्रामीणों को राज्य सरकार की नक्सल आत्मसमर्पण नीति के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण आईटीबीपी कैंप, थाना, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कलेक्टर कार्यालय या राजनांदगांव स्थित आईजी कार्यालय में किसी भी स्थान पर किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि गांव में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे बेझिझक नजदीकी सुरक्षा कैंप में तैनात अधिकारियों से संपर्क करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस हर संभव सहायता के लिए तत्पर है और उनकी दोस्त है।
खेलकूद को प्रोत्साहन और ग्रामीणों की सराहना
सामुदायिक पुलिसिंग के तहत, पुलिस महानिरीक्षक ने स्कूल के बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें खेल सामग्री वितरित की। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल पर भी ध्यान देने की सलाह दी, क्योंकि इससे उनके समग्र विकास में मदद मिलती है। ग्रामीणों ने पुलिस के इस मानवीय प्रयास और विश्वास निर्माण की पहल की सराहना की। कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक भुनेश्वर कश्यप, मदनवाड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक खोमन भंडारी, बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
