बस्तर में हेल्थ एटीएम की शुरुआत: डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में नई सुविधा, मिनटों में मोबाइल पर मिलेगी जांच रिपोर्ट
जगदलपुर के डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में 25 लाख रुपये की लागत से हेल्थ एटीएम शुरू किया गया। बस्तर सांसद महेश कश्यप और चित्रकोट विधायक ने इसका उद्घाटन किया। इस मशीन से मरीज 10 से 15 मिनट में कई तरह की स्वास्थ्य जांच कराकर रिपोर्ट सीधे मोबाइल पर प्राप्त कर सकेंगे।
विस्तार
जगदलपुर में मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में बस्तर सांसद और चित्रकोट विधायक के द्वारा 25 लाख रुपये की लागत से हेल्थ एटीएम की शुरुआत की गई। इस शुरुआत के साथ ही मरीजों को अब कुछ ही मिनट के अंदर उनकी रिपोर्ट मोबाइल में ही मिल सकेगी।
इस मशीन का उद्घाटन करने आए बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर में पहले किसी को भेजा जाता था तो उसे कालापानी की सजा माना जाता था। इसके अलावा बस्तर में आतंकवाद और नक्सलवाद काफी बढ़ गया था। अब यहां तेजी से विकास हुआ है। प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक का फोकस बस्तर पर है। बस्तर में रेल से लेकर सड़कों तक का जाल तेजी से बिछाया गया है।
इसी क्रम में न्यू इंडिया कंपनी के द्वारा 25 लाख रुपये की लागत से हेल्थ एटीएम की शुरुआत की गई है, जिससे मरीजों को काफी लाभ मिलेगा। इस मशीन से बीपी, शुगर, वजन के अलावा अन्य कई जांचों की रिपोर्ट जल्द मिल सकेगी। इस दौरान सांसद महेश कश्यप के अलावा विधायक विनायक गोयल ने भी मशीन में बैठकर अपनी जांच करवाई।
क्या है हेल्थ एटीएम
हेल्थ एटीएम एक छोटा, डिजिटल और स्व-सेवा कियोस्क है, जो एआई (AI) और आईओटी (IoT) तकनीकों का उपयोग करके 10 से 15 मिनट के भीतर 50 से अधिक प्रमुख स्वास्थ्य जांचें जैसे बीपी, शुगर, वजन, हीमोग्लोबिन और ईसीजी तुरंत कर सकता है। यह कम समय में सटीक रिपोर्ट देता है और टेलीमेडिसिन के माध्यम से दूर बैठे डॉक्टरों से सलाह लेने की सुविधा भी प्रदान करता है।
यह मशीन तेजी से जांच करते हुए 10 मिनट में 50 से 60 प्रकार की जांच जैसे लिपिड प्रोफाइल, ब्लड शुगर, एचबीए1सी, मलेरिया और डेंगू आदि कर सकती है। जांच के तुरंत बाद रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से ईमेल या व्हाट्सऐप पर या प्रिंट के रूप में मिल जाती है। इसमें वीडियो कॉल के जरिए लाइव डॉक्टर से परामर्श की सुविधा भी है। यह 24 घंटे उपलब्ध रहती है और छोटे क्लीनिकों, सार्वजनिक स्थानों तथा फार्मेसियों में आसानी से स्थापित की जा सकती है।
यह मरीजों का मेडिकल डेटा क्लाउड में स्टोर कर सकती है, जिससे भविष्य में इलाज में आसानी होती है। इस मशीन के माध्यम से बाजार की दरों से लगभग 30 से 50 प्रतिशत कम कीमत पर जांच सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।