Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   Tea Aroma and climate change renowned industry and rising temperatures trap flavours turning bitter

जलवायु परिवर्तन के फेर में चाय की खुशबू: बढ़ते तापमान के चक्रव्यूह में फंसा मशहूर उद्योग, स्वाद में कड़वाहट!

Wed, 11 Nov 2026 09:18 AM IST
Pankaj chaturvedi पंकज चतुर्वेदी
Updated Wed, 11 Nov 2026 09:18 AM IST
सार

अपनी अनूठी खुशबू और स्वाद के लिए मशहूर चाय उद्योग आज जलवायु परिवर्तन व बढ़ते तापमान के चक्रव्यूह में फंस चुका है।

विज्ञापन
Tea Aroma and climate change renowned industry and rising temperatures trap flavours turning bitter
असम के चाय बागान। (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : Adobe Stock

विस्तार

उत्तर-पूर्व भारत और दार्जिलिंग की हरी-भरी घाटियों से उठने वाली चाय की महक आज एक गंभीर संकट के साये में है। कभी अपनी अनूठी खुशबू और स्वाद के लिए दुनियाभर में मशहूर यह उद्योग आज जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और अनिश्चित मौसम के चक्रव्यूह में फंस चुका है। दुनिया के दूसरे सबसे बड़े चाय उत्पादक देश में इस उद्योग का लड़खड़ाना केवल आर्थिक घाटा नहीं है, बल्कि यह इस क्षेत्र की आजीविका, संस्कृति और पर्यावरण से जुड़ा एक बड़ा संकट है।

विज्ञापन


पिछले तीन दशकों में दार्जिलिंग चाय के उत्पादन में लगभग दो-तिहाई तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 1990 में जहां दार्जिलिंग में करीब 1.45 करोड़ किलोग्राम चाय का उत्पादन होता था, वहीं 2025 तक आते-आते यह गिरकर मात्र 56 लाख किलोग्राम रह गया है। असम और उत्तर-पूर्व के अन्य हिस्सों में भी स्थिति कमोबेश ऐसी ही है। इस क्षेत्र की वार्षिक वर्षा में भारी कमी दर्ज की गई है। जब तापमान औसत से अधिक यानी 26.6 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने लगता है, तो तेज धूप और गर्मी के कारण नई कोपलें और पत्तियां डालियों पर ही सूखने लगती हैं, जिससे पौधे की उत्पादकता बुरी तरह प्रभावित होती है।
विज्ञापन


इसके लिए मौसम की बेरुखी और चरम घटनाएं भी जिम्मेदार हैं। वर्ष 2016 में डंकन एवं अन्य शोधकर्ताओं द्वारा असम पर किए गए एक विस्तृत अध्ययन में पाया गया कि लंबे समय तक बारिश न होना सीधे तौर पर उपज घटने से जुड़ा है, जहां औसत मासिक तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस के पार जाते ही चाय की पैदावार लगातार गिरने लगती है। इसी प्रकार, एनवायरनमेंटल मॉनिटरिंग एंड असेसमेंट (2021) में प्रकाशित असम के चाय उत्पादकों पर किए गए सर्वेक्षण में किसानों ने लंबे सूखे, कम समय में मूसलाधार बारिश, चरम तापमान और नए कीट-रोगों के प्रकोप को उत्पादन में गिरावट का मुख्य कारण बताया।
विज्ञापन
विज्ञापन


दार्जिलिंग की पहाड़ियों में भी स्थिति चिंताजनक तस्वीर पेश करती है। वर्ष 2024 में एमडीपीआई द्वारा जारी शोध रिपोर्ट में पाया गया कि दार्जिलिंग में तापमान वृद्धि और चाय की उपज में नकारात्मक संबंध है। वर्ष 2026 में ‘फ्रंटियर्स इन क्लाइमेट’ में प्रकाशित एक नवीनतम अध्ययन में निष्कर्ष निकाला गया कि तापमान में होने वाली हर एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के कारण चाय की उपज में लगभग 0.087 टन प्रति हेक्टेयर की कमी आ जाती है। इसके अलावा असम की ब्रह्मपुत्र घाटी में अचानक आई बाढ़ और जलजमाव ने चाय की जड़ों को सड़ा दिया। बदलते तापमान और नमी के बिगड़े संतुलन से कीटों का प्रकोप तेजी से बढ़ा है, जो पौधों की पत्तियों को नष्ट कर रहे हैं।

उत्पादन घटने और लागत बढ़ने से कई चाय बागान घाटे में चल रहे हैं, और लगभग आठ प्रमुख बागान पूरी तरह बंद हो चुके हैं। जब बागान बंद होते हैं, तो वहां काम करने वाले मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो जाता है। जब वैश्विक बाजार में मांग के मुकाबले उच्च गुणवत्ता वाली चाय कम पहुंचती है, तो कीमतें आसमान छूने लगती हैं। दार्जिलिंग की जिस ‘फर्स्ट फ्लश’ और ‘सेकंड फ्लश’ चाय को ‘चाय की शैंपेन’ कहा जाता है, वह आम उपभोक्ताओं की पहुंच से दूर होती जा रही है।


इस संकट से उबरने के लिए रणनीतिक बदलावों की सख्त जरूरत है। सबसे पहले कृषि वैज्ञानिकों को सूखा-सहनशील और अधिक तापमान झेलने वाली चाय की नई क्लोन किस्मों का व्यापक स्तर पर रोपण करना होगा। बागानों में जल प्रबंधन को सुधारने के लिए वर्षा जल संचयन, ड्रिप सिंचाई और बाढ़ के समय जल निकासी की पक्की व्यवस्था करनी होगी, ताकि पौधों को जलजमाव और सूखे, दोनों से बचाया जा सके। इसके साथ ही, जैविक खाद, मल्चिंग और प्राकृतिक छायादार पेड़ों का रोपण बेहद जरूरी है, ताकि वे सीधी गर्मी को रोक सकें। मौसम-आधारित पूर्व चेतावनी प्रणाली और एकीकृत कीट प्रबंधन को अपनाना होगा। बागान मालिकों और सरकार को मिलकर कामगारों के लिए भी ऐसी नीतियां बनानी होंगी, जिससे उनकी आजीविका सुरक्षित रहे, अन्यथा उत्तर-पूर्व और दार्जिलिंग की पहचान खतरे में पड़ जाएगी और चाय का स्वाद कड़वा बना रहेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed