IPL 2026: आईपीएल के आगामी सत्र के लिए जमकर पसीना बहा रहे विराट कोहली, क्या इस बार खिताब का बचाव कर पाएगी RCB?
गत विजेता आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने आगामी आईपीएल सत्र के लिए तैयारी शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर उन्होंने अभ्यास सत्र की एक वीडियो साझा की, जिसमें वह जमकर बल्लेबाजी करते दिख रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोहली ने इंस्टाग्राम पर एक रील साझा की, जिसमें 37 वर्षीय बल्लेबाज अभ्यास सत्र के दौरान जमकर बल्लेबाजी करते दिखाई दे रहे हैं। आईपीएल के नए सीजन से पहले उनकी यह तैयारी देखकर प्रशंसक भी काफी उत्साहित हैं और पोस्ट पर लगातार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
पिछले सीजन में कोहली ने 15 मैचों में 657 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने आठ अर्धशतक लगाए और 144.71 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत आरसीबी ने पहली बार आईपीएल खिताब जीता। आईपीएल इतिहास में कोहली अब तक 267 मैचों की 259 पारियों में 8661 रन बना चुके हैं। उनके नाम आईपीएल में आठ शतक और 63 अर्धशतक दर्ज हैं।
आईपीएल की शुरुआत को लेकर फैसला हो चुका है, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अब तक टूर्नामेंट के कार्यक्रम का एलान नहीं किया है। मंगलवार को बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि आईपीएल के 19वें संस्करण का आयोजन 28 मार्च से 31 मई तक होगा। पहले इसकी विंडो 26 मार्च से 30 मई तय की गई थी, लेकिन अब तारीखों में थोड़ा बदलाव किया गया है। उन्होंने कहा, 'हम 12 मार्च तक आईपीएल 2026 का शेड्यूल घोषित करने की योजना बना रहे हैं। फिलहाल पहले 20 दिनों के मैचों का कार्यक्रम जारी किया जाएगा।' दरअसल, बीसीसीआई शेष मैचों का कार्यक्रम बाद में जारी करेगा ताकि पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनावों से मैचों का टकराव न हो।