सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   ICC Men and Women Player of the Month nominees for February 2026

ICC Player of the Month Award: विश्वविजेता भारतीय टीम से नहीं कोई खिलाड़ी, महिलाओं में अरुंधति का नाम शामिल

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Mayank Tripathi Updated Mon, 16 Mar 2026 06:52 PM IST
विज्ञापन
सार

आईसीसी ने फरवरी 2026 के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के लिए पुरुष और महिला दोनों वर्गों में तीन-तीन खिलाड़ियों के नामांकन घोषित किए हैं। पुरुष वर्ग में साहिबजादा फरहान, विल जैक्स और शैडली वैन शाल्कविक, जबकि महिला वर्ग में हर्षिता समरविक्रमा, फातिमा सना और अरुंधति रेड्डी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए नामित किया गया है।

ICC Men and Women Player of the Month nominees for February 2026
भारतीय टीम - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने फरवरी 2026 के लिए आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के लिए पुरुष और महिला दोनों श्रेणियों में खिलाड़ियों के नामांकन की घोषणा कर दी है। पुरुष वर्ग में पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान, इंग्लैंड के विल जैक्स और अमेरिका के शैडली वैन शाल्कविक को नामांकित किया गया है। वहीं, महिला वर्ग में श्रीलंका की हर्षिता समरविक्रमा, पाकिस्तान की फातिमा सना और भारत की अरुंधति रेड्डी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए इस पुरस्कार की दौड़ में शामिल किया गया है। इन खिलाड़ियों ने हालिया अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी टीमों की सफलता में अहम योगदान दिया है। हालांकि, इनमें विश्व विजेता भारतीय टीम के किसी भी खिलाड़ी को शामिल नहीं किया गया है।
Trending Videos

पुरुष वर्ग के नामांकन

 

साहिबजादा फरहान (पाकिस्तान)
आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने फरवरी महीने में पाकिस्तान के लिए शानदार बल्लेबाजी की। दाएं हाथ के इस ओपनर ने टूर्नामेंट के एक ही संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड तोड़ते हुए विराट कोहली के 2014 के 319 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। फरहान ने कुल 383 रन बनाए, उनका स्ट्राइक रेट 160.25 और औसत 76.60 रहा। उन्होंने टूर्नामेंट में दो शतक भी लगाए, जो पुरुष टी20 वर्ल्ड कप के एक ही संस्करण में किसी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए पहले दो शतक हैं। उनके ये शतक नामीबिया और श्रीलंका के खिलाफ आए। फरहान के शानदार प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान सुपर 8 चरण तक पहुंचा, हालांकि टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने से थोड़ा पीछे रह गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

विल जैक्स (इंग्लैंड)
इंग्लैंड के सेमीफाइनल तक पहुंचने में विल जैक्स का अहम योगदान रहा। इस ऑलराउंडर ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। जैक्स ने 173.21 के स्ट्राइक रेट से 194 रन बनाए और साथ ही 11 विकेट भी झटके, उनका इकॉनमी रेट आठ से थोड़ा अधिक रहा। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के एक ही संस्करण में चार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ पुरस्कार जीतने वाले पहले खिलाड़ी बनकर इतिहास रच दिया। सुपर 8 चरण में श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ उनकी अहम पारियां और गेंदबाजी ने इंग्लैंड को ग्रुप 2 में शीर्ष स्थान दिलाने में मदद की।

शैडले वान शाल्कविक (अमेरिका)
अमेरिका के तेज गेंदबाज शैडले वान शाल्कविक ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी शानदार गेंदबाजी से खास पहचान बनाई। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 13 विकेट लेकर शीर्ष विकेट लेने वालों में जगह बनाई। टूर्नामेंट के पहले ही मैच में भारत के खिलाफ उन्होंने चार विकेट झटके। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ भी उन्होंने 4/25 के शानदार आंकड़े दोहराए। उनकी किफायती गेंदबाजी भी चर्चा में रही, उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 7.76 की इकोनॉमी से रन दिए।

महिला वर्ग के नामांकन

हर्षिता समरविक्रमा (श्रीलंका)
श्रीलंका की भरोसेमंद टॉप ऑर्डर बल्लेबाज हर्षिता समरविक्रमा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ कैरेबियाई दौरे पर शानदार प्रदर्शन किया और श्रीलंका को 2-1 से वनडे सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने तीन मैचों में 57.00 की औसत से 171 रन बनाए और सीरीज की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं। समरविक्रमा ने 66, 35 और 70 रन की पारियां खेलकर कठिन परिस्थितियों में टीम की बल्लेबाजी को मजबूती दी। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया।

फातिमा सना (पाकिस्तान)
पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दौरे पर बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावशाली प्रदर्शन किया, हालांकि पाकिस्तान दोनों व्हाइट-बॉल सीरीज 2-1 से हार गया। टी20 सीरीज में उन्होंने 146 रन बनाए, उनका औसत 73.00 और स्ट्राइक रेट 184.81 रहा। पहले टी20 मैच में उन्होंने 90 रन की शानदार पारी खेली। तीसरे मुकाबले में उन्होंने नाबाद 47 रन बनाने के साथ 2/12 के आंकड़े भी दर्ज किए और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बनीं। वनडे सीरीज में भी उन्होंने 52 रन बनाए और चार विकेट झटके, जबकि टी20 मैचों में उनके नाम दो विकेट रहे।

अरुंधति रेड्डी (भारत)
भारतीय तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में शानदार गेंदबाजी करते हुए भारत को 2-1 से सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने सीरीज में सबसे ज्यादा आठ विकेट लिए, उनका औसत 10.87 और इकॉनमी रेट 7.25 रहा। रेड्डी ने हर मैच में निर्णायक स्पेल डाला और 4/22, 2/30 तथा 2/35 के आंकड़े दर्ज किए, जिससे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज लगातार दबाव में रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed