सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   IND W vs PAK W T20 World Cup Match Analysis Innings Key Highlights and Turning Points News in Hindi

दीप्ति शर्मा के 'पंजे' से पाकिस्तान चित: 106 रनों पर ऑलआउट हुई टीम, महिला टी20 विश्वकप में भारत का विजयी आगाज

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बर्मिंघम Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Sun, 14 Jun 2026 10:54 PM IST
विज्ञापन
सार

महिला टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में भारत ने शानदार जीत दर्ज की। पाकिस्तान को 64 रनों से हराकर टीम इंडिया ने जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया है। रविवार को खेले गए मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 170 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम सिर्फ 106 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई।

IND W vs PAK W T20 World Cup Match Analysis Innings Key Highlights and Turning Points News in Hindi
भारत ने पाकिस्तान को 64 रनों से रौंदा - फोटो : BCCI Women
विज्ञापन

विस्तार

स्मृति मंधाना की तूफानी बल्लेबाजी और दीप्ति शर्मा-श्री चरणी की घातक गेंदबाजी के दम पर भारतीय महिला टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 64 रन से करारी शिकस्त दी। रविवार को बर्मिंघम में खेले गए ग्रुप-1 मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके, जबकि श्री चरणी ने तीन विकेट अपने नाम किए। वहीं, शेफाली वर्मा को एक सफलता मिली। भारत ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया।

IND W vs PAK W T20 World Cup Match Analysis Innings Key Highlights and Turning Points News in Hindi
हरमनप्रीत कौर-स्मृति मंधाना - फोटो : BCCI Women
मंधाना-हरमनप्रीत ने संभाली पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को तेज शुरुआत मिली। शेफाली वर्मा ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा, लेकिन वह छह रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स भी सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गईं और भारत ने 18 रन तक दो विकेट गंवा दिए। शुरुआती झटकों के बाद स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 91 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। मंधाना ने 44 गेंदों पर 68 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे। वहीं हरमनप्रीत ने 35 गेंदों पर 36 रन बनाए।

मंधाना के आउट होने के बाद भारती फुलमाली भी जल्दी पवेलियन लौट गईं, लेकिन अंतिम ओवरों में ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा ने तेजी से रन बटोरते हुए स्कोर को 170 तक पहुंचाया। ऋचा घोष ने मात्र 17 गेंदों पर 34 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था। दीप्ति शर्मा नौ गेंदों पर 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। पाकिस्तान की ओर से सादिया इकबाल और फातिमा सना ने दो-दो विकेट लिए।
विज्ञापन
विज्ञापन

IND W vs PAK W T20 World Cup Match Analysis Innings Key Highlights and Turning Points News in Hindi
भारतीय महिला टीम - फोटो : BCCI Women
171 रन के लक्ष्य के सामने बिखरा पाकिस्तान
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट निकालकर मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली। पाकिस्तान की ओर से सिर्फ मुनीबा अली ही संघर्ष कर सकीं। उन्होंने 35 गेंदों पर 41 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास सहयोग नहीं मिला। पूरी पाकिस्तानी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई।
विज्ञापन

IND W vs PAK W T20 World Cup Match Analysis Innings Key Highlights and Turning Points News in Hindi
दीप्ति शर्मा - फोटो : BCCI Women
दीप्ति का पंजा, चरणी का भी कमाल
भारतीय गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा ने करियर की यादगार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 10 रन देकर पांच विकेट झटके। उनके अलावा श्री चरणी ने चार ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट लिए। शेफाली वर्मा को भी एक सफलता मिली। दीप्ति की घातक गेंदबाजी ने पाकिस्तान की वापसी की सारी उम्मीदें खत्म कर दीं।

IND W vs PAK W T20 World Cup Match Analysis Innings Key Highlights and Turning Points News in Hindi
स्मृति मंधाना - फोटो : BCCI Women
पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप में भारत का सबसे बड़ा स्कोर
भारत का 170/6 का स्कोर महिला टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ उसका अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। यह विश्व कप इतिहास में भारतीय महिला टीम का तीसरा सर्वोच्च स्कोर भी है। भारत इससे पहले 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 194/5 और 2024 में श्रीलंका के खिलाफ 172/3 का स्कोर बना चुका है।

IND W vs PAK W T20 World Cup Match Analysis Innings Key Highlights and Turning Points News in Hindi
हरमनप्रीत कौर - फोटो : BCCI Women
हरमनप्रीत कौर ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
इस मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने महिला टी20 विश्व कप इतिहास में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया। हरमनप्रीत ने 36 रन की पारी के दौरान अपना कुल रन आंकड़ा 762 तक पहुंचाया और पूर्व कप्तान मिताली राज (726 रन) को पीछे छोड़ दिया। भारतीय खिलाड़ियों में टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में अब हरमनप्रीत पहले, मिताली दूसरे और स्मृति मंधाना तीसरे स्थान पर हैं।

IND W vs PAK W T20 World Cup Match Analysis Innings Key Highlights and Turning Points News in Hindi
हरमनप्रीत कौर - फोटो : BCCI Women
टॉस के दौरान नहीं हुआ हैंडशेक
मुकाबले से पहले टॉस के समय भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया। लगातार दूसरे आईसीसी टूर्नामेंट में दोनों टीमों की महिला कप्तानों के बीच ऐसा देखने को मिला। हालांकि, हरमनप्रीत ने मैच से पहले साफ कहा था कि उनका पूरा ध्यान केवल क्रिकेट पर है और टीम पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले दबाव को सकारात्मक तरीके से लेने पर फोकस कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed