फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   India vs New Zealand 1st Test third day match report and scorecard analysis in hindi news and updates

IND vs NZ: तीसरे दिन बने कुल 453 रन, गिरे 10 विकेट; सरफराज और कोहली ने की शतकीय साझेदारी

Fri, 18 Oct 2024 06:25 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बंगलुरू
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बंगलुरू Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Fri, 18 Oct 2024 06:25 PM IST
सार

भारत ने दिन के खेल की समाप्ति तक दूसरी पारी में तीन विकेट पर 231 रन बना लिए हैं। भारत अभी भी न्यूजीलैंड से 125 रन पीछे चल रहा है। स्टंप के समय सरफराज खान 78 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 70 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

विज्ञापन
India vs New Zealand 1st Test third day match report and scorecard analysis in hindi news and updates
भारत बनाम न्यूजीलैंड - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

विराट कोहली और सरफराज खान की शानदार शतकीय साझेदारी से भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन वापसी की। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 402 रन बनाए और 356 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में भारत ने अच्छी बल्लेबाजी की और कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और सरफराज खान के अर्धशतकों से मुश्किल से उबरने की कोशिश की। भारत ने हालांकि, तीसरे दिन के खेल की अंतिम गेंद पर कोहली का विकेट गंवाया।
विज्ञापन

भारत ने इस तरह दिन के खेल की समाप्ति तक दूसरी पारी में तीन विकेट पर 231 रन बना लिए हैं। भारत अभी भी न्यूजीलैंड से 125 रन पीछे चल रहा है। स्टंप के समय सरफराज खान 78 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 70 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। कोहली और सरफराज खान के बीच शानदार साझेदारी चल रही थी जिसे ग्लेन फिलिप्स ने कोहली को आउट कर तोड़ा। न्यूजीलैंड की ओर से एजाज पटेल को दो और ग्लेन फिलिप्स को अब तक एक विकेट मिला है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

बंगलुरू टेस्ट के तीसरे दिन बना रिकॉर्ड 
भारत और न्यूजीलैंड के बीच बंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे पहले मैच के तीसरे दिन कुल 453 रन बने और 10 विकेट भी गिरे। यह भारत में खेले गए किसी टेस्ट मैच में एक दिन में बना दूसरा सर्वाधिक स्कोर है। भारत में टेस्ट मैच के किसी दिन सबसे ज्यादा रन भारत और श्रीलंका के बीच 2009 में खेले गए मैच में बने थे। उस टेस्ट मैच के दूसरे दिन कुल 470 रन बने थे। 
विज्ञापन

टेस्ट के किसी दिन बने सर्वाधिक रन (भारत में)
रन मैच स्थान वर्ष दिन
470 भारत बना श्रीलंका ब्रेबोर्न 2009 दूसरा दिन
453 भारत बनाम न्यूजीलैंड बंगलुरू 2024 तीसरा दिन
437 भारत बनाम बांग्लादेश कानपुर 2024 चौथा दिन
418 भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया मोहाली 2013 तीसरा दिन
417 भारत बनाम श्रीलंका कानपुर 2009 पहला दिन

रोहित-यशस्वी ने दिलाई ठोस शुरुआत
भारतीय बल्लेबाजी क्रम पहली पारी में पूरी तरह विफल रहा था, लेकिन दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल और कप्तान रोहित शर्मा ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। पिछले कुछ समय से टेस्ट क्रिकेट में आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे रोहित ने एक बार फिर तेजी से खेलना शुरू किया। यशस्वी और रोहित ने इस तरह पहले विकेट के लिए 72 रन जोड़े और टीम को ठोस शुरुआत दी। हालांकि, स्पिनर एजाज पटेल ने यशस्वी को आउट कर भारत को पहला झटका दिया। एजाज पटेल ने यशस्वी जायसवाल को विकेटकीपर ब्लंडेल के हाथों कैच कराया। वह 52 गेंद में छह चौके की मदद से 35 रन बना सके। 

अर्धशतक जड़ने के बाद अजीब तरीके से आउट हुए रोहित 
भारत को 95 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। अच्छी लय में दिख रहे कप्तान रोहित शर्मा अपना विकेट फेंक बैठे। दरअसल, भारत की दूसरी पारी के 22वें ओवर में एजाज पटेल की गेंद पर रोहित ने डिफेंस किया। हालांकि, गेंद उनके बल्ले के निचले हिस्से से लगकर पीछे की तरफ गई और विकेट से टकरा गई। रोहित ने कोई रिएक्ट नहीं किया, न ही गेंद को विकेट पर जाने से रोक पाए। इस तरह आउट होने के बाद रोहित काफी निराश दिखे। उन्होंने 63 गेंद में आठ चौके और एक छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेली। 

सरफराज-विराट की दमदार साझेदारी
दो झटके लगने के बाद कोहली और सरफराज ने मोर्चा संभाला और दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 136 रनों की साझेदारी की। पहले सरफराज ने अपने टेस्ट करियर का चौथा अर्धशतक लगाया और फिर कोहली ने भी पचासा जड़ा। इस दौरान कोहली टेस्ट में नौ हजार रन पूरे करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बने। कोहली और सरफराज ने काफी हद तक भारत को मुश्किल से निकाल दिया था, लेकिन कोहली फिलिप्स की गेंद पर विकेटकीपर के हाथों कैच आउट हुए और इस साझेदारी का अंत हो गया। कोहली के पवेलियन लौटने के साथ ही स्टंप की घोषणा कर दी गई। कोहली 102 गेंदों पर आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 70 रन बनाकर आउट हुए। 

न्यूजीलैंड की पहली पारी 
इससे पहले, न्यूजीलैंड भारत को पहली पारी में 46 रन पर समेटने के बाद 400 रन से अधिक बनाने में सफल रहा। न्यूजीलैंड के लिए रचिन रवींद्र ने 134 रन की शानदार पारी खेली। वह आखिरी बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। अपनी 157 गेंद की पारी में रचिन ने 13 चौके और चार छक्के लगाए। उन्हें कुलदीप यादव ने सब्स्टिट्यूट विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। न्यूजीलैंड ने शुक्रवार को तीन विकेट पर 180 रन से आगे खेलना शुरू किया और 222 रन जोड़ने में बाकी बचे सात विकेट गंवाए। डेरिल मिचेल (18), टॉम ब्लंडेल (5), ग्लेन फिलिप्स (14) और मैट हेनरी (8) कुछ खास नहीं कर सके। इसके बाद रचिन ने टिम साउदी के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी निभाई। रचिन ने टेस्ट करियर का दूसरा शतक जड़ा, जबकि साउदी ने टेस्ट करियर का सातवां अर्धशतक लगाया। अर्धशतक लगाने के बाद साउदी सिराज का शिकार बने। वह 73 गेंद में पांच चौके और चार छक्के की मदद से 65 रन बनाकर आउट हुए। एजाज चार रन बना सके। भारत की ओर से कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, मोहम्मद सिराज को दो विकेट मिले। जसप्रीत बुमराह और रविचंद्रन अश्विन ने एक-एक विकेट लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed