IPL 2026: अभिषेक और ईशान में किसे मिली सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी? कमिंस चोट की वजह से नहीं रहेंगे उपलब्ध
आईपीएल के आगामी सत्र से पहले सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी में बदलाव हुआ है। पैट कमिंस की जगह ईशान किशन टीम का नेतृत्व करेंगे। वहीं, अभिषेक शर्मा उनके डिप्टी होंगे।
विस्तार
ये भी पढ़ें: IPL 2026: पंजाब किंग्स के स्क्वॉड में देरी से क्यों जुड़ेंगे मार्को यानसेन, कोच पोंटिंग ने दे दी मंजूरी? जानिए
कमिंस ने दिसंबर 2025 में एडिलेड में खेले गए तीसरे एशेज टेस्ट के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है। वेस्टइंडीज दौरे के बाद उन्हें पीठ के निचले हिस्से में लम्बर बोन स्ट्रेस इंजरी हो गई थी, जिसके चलते उन्हें लंबे समय तक मैदान से दूर रहना पड़ा। इसी चोट के कारण वह एशेज सीरीज के बाकी मुकाबलों और आईसीसी टी20 विश्व कप से भी बाहर हो गए थे। अब वह आईपीएल के कुछ मुकाबलों में भी अनुपलब्ध रहेंगे।
कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम प्रबंधन ने ईशान किशन को कप्तानी का जिम्मेदारी दी है। जब तक कमिंस टीम से नहीं जुड़ते किशन ही नेतृत्व करते नजर आएंगे। इस दौरान अभिषेक शर्मा उप-कप्तानी करते दिखेंगे।
𝐀𝐍𝐍𝐎𝐔𝐍𝐂𝐄𝐌𝐄𝐍𝐓 🚨
— SunRisers Hyderabad (@SunRisers) March 18, 2026
Pat Cummins will miss a few games while recovering from injury.
Until he recovers, Ishan Kishan will be the Captain and Abhishek Sharma will be the Vice-Captain. pic.twitter.com/etXJUkQJeG
ईशान किशन आईपीएल 2025 से सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा हैं। उन्होंने हाल ही में घरेलू क्रिकेट में झारखंड की कप्तानी करते हुए टीम को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब दिलाया था, जिससे उनकी कप्तानी क्षमता भी सामने आई है। दूसरी ओर, अभिषेक शर्मा लंबे समय से हैदराबाद की टीम के साथ जुड़े हुए हैं। वह आईपीएल 2019 से पहले टीम में शामिल हुए थे और तब से लगातार टीम की योजनाओं का अहम हिस्सा बने हुए हैं।
दोनों खिलाड़ियों ने हाल ही में टी20 विश्व कप में भी शानदार प्रदर्शन किया था। ईशान किशन ने टूर्नामेंट के दौरान तीन अर्धशतक लगाए थे और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं, फाइनल मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए केवल 18 गेंदों में तूफानी अर्धशतक जड़ा था। भारत ने वह मुकाबला 96 रन से जीतकर खिताब अपने नाम किया था।
आईपीएल 2016 की चैंपियन सनराइजर्स हैदराबाद अपने आईपीएल 2026 अभियान की शुरुआत 28 मार्च को करेगी। टीम का पहला मुकाबला बंगलूरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेला जाएगा।