सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   IPL 2026: Sunrisers Hyderabad SWOT Analysis Team Strength weakness

Sunrisers Hyderabad SWOT Analysis: मजबूत शीर्ष क्रम के भरोसे हैदराबाद, कमजोर गेंदबाजी बन सकती है बड़ी चुनौती

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Mayank Tripathi Updated Sun, 22 Mar 2026 08:59 PM IST
विज्ञापन
सार

सनराइजर्स हैदराबाद इस बार अपनी मजबूत बल्लेबाजी, खासकर टॉप ऑर्डर पर निर्भर नजर आ रही है, जिसमें ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन अहम भूमिका निभाएंगे। हालांकि, कमजोर पेस अटैक और अनुभवी गेंदबाजों की कमी टीम के लिए चिंता का विषय है। 

IPL 2026: Sunrisers Hyderabad SWOT Analysis Team Strength weakness
सनराइजर्स हैदराबाद - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार

आईपीएल के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है और इस बार एक बार फिर सनराइजर्स हैदराबाद के प्रदर्शन पर सबकी नजरें टिकी होंगी। पिछले कुछ सीजन में टीम ने उतार-चढ़ाव भरा प्रदर्शन किया है, लेकिन इस बार भी हैदराबाद की टीम काफी हद तक अपने टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों पर निर्भर नजर आ रही है। टीम का बैटिंग यूनिट कागज पर बेहद मजबूत दिखता है, लेकिन गेंदबाजी में कुछ कमियां साफ दिखाई देती हैं, जो पूरे सीजन में टीम के लिए चुनौती बन सकती हैं।
Trending Videos

IPL 2026: Sunrisers Hyderabad SWOT Analysis Team Strength weakness
अभिषेक-ईशान - फोटो : ANI
अभिषेक-ईशान और हेड पर रहेंगी नजरें
सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी की बात करें तो टीम की किस्मत काफी हद तक ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन के फॉर्म पर टिकी रहेगी। पिछले सीजन ये तीनों बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके थे, जिसकी वजह से टीम को कई मैचों में संघर्ष करना पड़ा। हालांकि, इन तीनों में मैच का रुख पलटने की क्षमता है और अगर ये खिलाड़ी पावरप्ले में आक्रामक शुरुआत दिलाने में सफल रहते हैं, तो हैदराबाद किसी भी विपक्षी टीम के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।

क्लासेन से बेहतर प्रदर्शन की आस
मिडिल ऑर्डर में टीम के पास जबरदस्त फायरपावर मौजूद है। हेनरिक क्लासेन ने आईपीएल 2025 में टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए थे और वह इस बार भी बल्लेबाजी की रीढ़ माने जा रहे हैं। उनके अलावा लियाम लिविंगस्टोन जैसे विस्फोटक ऑलराउंडर को टीम ने ऑक्शन में शामिल किया है, जो अकेले दम पर मैच का पासा पलटने की क्षमता रखते हैं। वहीं, युवा खिलाड़ी अनिकेत वर्मा ने पिछले सीजन अपने आक्रामक अंदाज से फिनिशर की भूमिका में खास पहचान बनाई थी और इस बार भी उनसे डेथ ओवर्स में तेज रन बनाने की उम्मीद रहेगी। ऑलराउंड विकल्पों में नीतीश कुमार रेड्डी और हर्ष दुबे जैसे खिलाड़ी टीम को संतुलन देने का काम कर सकते हैं। खासकर नीतीश रेड्डी से इस सीजन बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी, क्योंकि वह बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देने की क्षमता रखते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

IPL 2026: Sunrisers Hyderabad SWOT Analysis Team Strength weakness
पैट कमिंस - फोटो : ANI
खल सकती है कमिंस की कमी
जहां बल्लेबाजी टीम की सबसे बड़ी ताकत नजर आती है, वहीं गेंदबाजी विभाग चिंता का कारण बना हुआ है। टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस शुरुआती मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे, जिससे गेंदबाजी आक्रमण की धार कमजोर पड़ सकती है। उनकी गैरमौजूदगी में ईशान किशन टीम की कमान संभालते नजर आएंगे, लेकिन गेंदबाजी यूनिट को लीड करने वाला अनुभवी चेहरा शुरुआत में नहीं होगा।

पेस अटैक कमजोर
पेस अटैक में शिवम मावी, जयदेव उनादकट और हर्षल पटेल जैसे गेंदबाज मौजूद हैं, लेकिन इन सभी में निरंतरता और मैच विनिंग प्रदर्शन की कमी देखने को मिलती रही है। इसके अलावा ईशान मलिंगा की फिटनेस भी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है, जो टीम के लिए एक और चिंता का विषय है। स्पिन विभाग में भी टीम के पास कोई बड़ा और अनुभवी नाम नहीं है, जो मिडिल ओवर्स में मैच को कंट्रोल कर सके।

IPL 2026: Sunrisers Hyderabad SWOT Analysis Team Strength weakness
सनराइजर्स हैदराबाद - फोटो : ANI
बल्लेबाजी पर पूरी तरह निर्भर हैदराबाद
कुल मिलाकर देखा जाए तो सनराइजर्स हैदराबाद एक बार फिर बैटिंग-डिपेंडेंट टीम के रूप में नजर आ रही है। अगर टॉप ऑर्डर बल्लेबाज अपनी लय में आ जाते हैं और मिडिल ऑर्डर उन्हें सही समर्थन देता है, तो टीम बड़े स्कोर खड़े कर सकती है और मजबूत विरोधियों को भी चुनौती दे सकती है। लेकिन अगर बल्लेबाजी विफल होती है, तो कमजोर गेंदबाजी के चलते टीम के लिए वापसी करना मुश्किल हो सकता है।

ऐसे में आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि उसके प्रमुख बल्लेबाज कितनी निरंतरता दिखाते हैं और गेंदबाजी यूनिट उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन कर पाती है या नहीं। अगर दोनों विभागों के बीच संतुलन बन जाता है, तो टीम दूसरी बार खिताब जीतने की प्रबल दावेदार बन सकती है, लेकिन मौजूदा हालात में उसे खुद को साबित करने के लिए कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा।

सनराइजर्स हैदराबाद का पूरा स्क्वॉड
पैट कमिंस (कप्तान), नीतीश रेड्डी, अभिषेक शर्मा, एस रविचंद्रन, अनिकेत वर्मा, ट्रेविस हेड, शिवम मावी, क्रायंस फुलेट्रा, प्रफुल हिंगे, अमित कुमार, ओंकार तुकाराम तरमले, साकिब हुसैन, जीशान अंसारी, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा, ब्रायडन कार्स, सलिल अरोड़ा, हेनरिक क्लासन (विकेटकीपर), ईशान किशन (कार्यवाहक कप्तान और विकेटकीपर), शिवांग कुमार, हर्ष दुबे, लियाम लिविंगस्टोन और कामिंदु मेंडिस।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed