IPL 2026 Video: यूपी के 14.2 करोड़ के प्रशांत वीर के ये शॉट्स देखे क्या? धोनी भी रह गए हैरान, इस तरह की तारीफ
आईपीएल 2026 से पहले वायरल वीडियो में 14.2 करोड़ के प्रशांत वीर ने शानदार शॉट्स खेलकर सबको प्रभावित किया। उनके खेल को देखकर धोनी भी खुद को तारीफ करने से नहीं रोक पाए। इस प्रदर्शन ने युवा खिलाड़ी की प्रतिभा और बड़े मंच पर उनकी तैयारी को उजागर किया।
विस्तार
हाल ही में सीएसके ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें यूपी के प्रशांत वीर नेट्स में बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो की सबसे खास बात यह है कि सीएसके के दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी पीछे खड़े दिख रहे हैं और प्रशांत की बैटिंग पर पैनी नजर रखे हुए हैं। हालांकि, प्रशांत इस दौरान अपने रेंज ऑफ शॉट्स दिखाते हैं। कभी वह सामने की तरफ और कभी स्कूप करते नजर आते हैं। धोनी प्रशांत की सूझबूझ का लुत्फ उठाते दिखे और पीछे से उनकी तारीफ करते और उनका आत्मविश्वास बढ़ाते नजर आए।
वीडियो की शुरुआत में वीर ने ऑफ साइड में शानदार शॉट लगाया, जिस पर धोनी ने उत्साहित होकर कहा, 'शॉट!' अगली गेंद पर वीर ने बेहतरीन स्कूप शॉट खेला, जिस पर धोनी ने बाउंड्री का इशारा किया। इसके बाद वीर ने जोरदार स्ट्रेट ड्राइव लगाया, और धोनी ने एक बार फिर पूरे जोश के साथ कहा, 'शॉट!'
Prasanth : 🏏💥
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) March 21, 2026
MSD : 🗣️ SHOTTT!
The reaction from behind the stumps!#WhistlePodu #Yellove pic.twitter.com/hCKuCp9TaM
इससे पहले, पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा कि आईपीएल में नए खिलाड़ियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती दबाव को संभालना होती है, खासकर उन खिलाड़ियों के लिए जिन्हें नीलामी में बड़ी रकम मिलती है। उन्होंने कहा, 'सबसे बड़ी बात यह है कि आप दबाव को कैसे संभालते हैं। आईपीएल ऐसा टूर्नामेंट है जहां आप एक दिन हीरो बन सकते हैं और अगले दिन गायब हो सकते हैं।'
पठान ने आगे कहा, 'हमने कई ऐसे खिलाड़ियों को देखा है जो नीलामी में बड़ी रकम पाते हैं, लेकिन अगले सीजन में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते और फिर टीम में जगह भी नहीं मिलती।' उन्होंने खास तौर पर प्रशांत वीर का जिक्र करते हुए कहा, 'मैं देखना चाहूंगा कि 14 करोड़ रुपये से ज्यादा में खरीदे गए प्रशांत वीर दबाव में कैसा प्रदर्शन करते हैं, जब उन्हें मौका मिलेगा।' पठान ने कहा, 'खासकर आखिरी चार ओवरों में, चाहे वह बल्लेबाजी कर रहे हों या गेंदबाजी, जब टीम को ब्रेकथ्रू चाहिए और दोनों तरफ से हमला हो रहा हो, तब वह उस स्थिति में कैसे प्रतिक्रिया देते हैं, यही असली परीक्षा होगी।'