एक नजर डालते हैं देश के उन युवा क्रिकेटरों पर जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की अपनी मंजिल को पाने में पूरी मेहनत से लगे हैं और जल्दी ही अपने प्रदर्शन और खेल के दम पर इस मुकाम को हासिल कर लेंगे।
वो युवा खिलाड़ी जो खटखटा रहे टीम इंडिया का दरवाजा, 2021 में मचा सकते हैं धमाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रवि बिश्नोई:
राजस्थान के 20 वर्षीय स्पिन गेंदबाज रवि बिश्नोई ने बहुत तेजी से क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। अंडर-19 वर्ल्ड कप 2020 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट चटकाए। उन्होंने 12 मैचों में 19 की औसत से 22 विकेट लिए। उन्होंने अपनी गूगली और उम्दा गेंदबाजी से सबका ध्यान खींचा। इसके बाद आईपीएल में किंग्स XI पंजाब ने उन्हें दो करोड़ की बड़ी राशि के साथ अपने साथ जोड़ा। यहां वह दिग्गज अनिल कुंबले की कोचिंग में और निखरे और टूर्नामेंट में 14 मैचों में 12 विकेट चटकाए।
देवदत्त पडीक्कल:
केरल से आने वाले बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज ने आईपीएल के 13वें सीजन में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की तरफ से खेलते हुए उन्होंने लगातार रन बनाए। पडीक्कल को आईपीएल 2020 में शानदार प्रदर्शन के लिए इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर चुना गया। वह आरसीबी की ओर से पिछले सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। कर्नाटक के इस बल्लेबाज ने 15 मैच में 124.80 की स्ट्राइक रेट के साथ 473 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने पांच अर्धशतक लगाए। आईपीएल के अलावा पडीक्कल ने घरेलू क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रथम श्रेणी में अभी तक 15 मैचों में 10 अर्धशतक की मदद से 907 रन बनाए हैं। यही नहीं लिस्ट ए क्रिकेट में उनका प्रदर्शन और शानदार रहा है। उन्होंने यहां 13 मैचों में करीब 60 के औसत से 650 रन बनाए हैं।
कार्तिक त्यागी:
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भुवनेश्वर कुमार के क्षेत्र से आने वाले युवा तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने अपनी सटीक लाइन लेंथ और यॉर्कर गेंद से शानदार खेल दिखाया है। अंडर 19 वर्ल्ड कप 2020 में बेहतरीन गेंदबाजी करने के बाद उन्होंने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से भी शानदार प्रदर्शन किया। इसका इनाम भी उन्हें मिला जब ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए अतिरिक्त गेंदबाजों की सूची में उनका नाम शामिल किया गया। कार्तिक अगर इसी निरंतरता से प्रदर्शन करते रहे तो जल्दी ही टीम इंडिया के लिए डेब्यू करते दिख सकते हैं।
ईशान किशन:
धोनी के संन्यास लेने के बाद से टीम इंडिया में विकेटकीपर बल्लेबाज की तलाश अभी पूरी नहीं हो पाई है। ऐसे में घरेलू क्रिकेट में बल्ले और विकेटकीपिंग में अच्छा प्रदर्शन करने वाले ईशान किशन भविष्य में राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बन सकते हैं। किशन के लिए आईपीएल 2020 शानदार रहा। वह सीजन में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बने। चाहे ओपनिंग हो या फिर फिनिशिंग हर रोल में बिहार का 22 वर्षीय यह बल्लेबाज फिट बैठता है। बड़े शॉट खेलने की काबिलियत के साथ-साथ विकेटकीपिंग भी करने वाले किशन दमदार फिल्डर भी हैं। मुंबई के इस खब्बू बल्लेबाज ने 13वें सीजन में 14 मैचों में 145.76 की स्ट्राइक रेट के साथ 516 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने चार अर्धशतक भी जड़े। 99 उनका सर्वोच्च स्कोर रहा। प्रथम श्रेणी में भी ईशान का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने 44 मैचों में अब तक 2665 रन बनाए है, इस दौरान 273 उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है।