वनडे में 2 बल्लेबाजों की नाकामी ने बना दिया इतिहास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वर्ल्ड कप से पहले न्यूजीलैंड का शानदार खेल जारी है और उसने एक बार फिर 300 से ज्यादा का स्कोर करने के बाद श्रीलंका को 120 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने 7 मैचों की वनडे सीरीज में 4-1 की अजेय बढ़त बना ली है।
न्यूजीलैंड की ओर से बल्लेबाजों ने ड्यूडिन में खेले गए छठे वनडे मुकाबले में 50 ओवर में 8 विकेट पर 315 रन बनाए जिसके जवाब में श्रीलंका 40.3 ओवर में ही 195 रन बनाकर आउट हो गई। मेजबान किवी टीम के गेंदबाजों ने गजब की गेंदबाजी की और श्रीलंका को कभी भी लक्ष्य के करीब जाने का मौका नहीं दिया।
हालांकि टीम के शानदार प्रदर्शन के बावजूद न्यूजीलैंड के लिए तनाव का विषय यह है उसके कप्तान नहीं चल रहे और आज तो वह खाता भी नहीं खोल सके। जबकि उसके 2 बल्लेबाजों ने वनडे में अनोखा लेकिन 'दुर्भाग्यपूर्ण' रिकार्ड बना दिया है। उसके 2 बल्लेबाजों ने शतकीय साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाल दिया पर दोनों 95 से ज्यादा का स्कोर करने के बाद शतक नहीं लगा सके जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
विटोरी के रिकॉर्ड मैच में न्यूजीलैंड का शानदार प्रदर्शन
इससे पूर्व न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया लेकिन इस बार भी उसका फैसला गलत साबित हुआ। पारी की आठवी गेंद पर कप्तान ब्रैंडन मैकुलम खाता खोले बगैर ही आउट हो गए। टीम भले ही अच्छा कर रही हो लेकिन उनका प्रदर्शन लगातार खराब होता जा रहा है।
खाता खुल बगैर ही मैकुलम का विकेट खोने के बाद न्यूजीलैंड के लिए मार्टिन गुप्टिल और केन विलियम्सन ने दूसरे विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी कर टीम को शुरुआती झटके से बाहर निकाला। लेकिन गुटिप्ल 28 रन बनाकर कैच आउट हो गए। इसके बाद विलियम्सन का साथ देने क्रीज पर रॉस टेलर आए और दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 117 रनों की शतकीय साझेदारी कर डाली। शतकीय साझेदारी के बाद टीम बड़े स्कोर की ओर देखने लगी।
हालांकि विलियम्सन और टेलर दोनों ही शतक लगाने में नाकाम रहे। विलियम्सन जहां 97 रन (8 चौका और 2 छक्का) पर आउट हुए तो टेलर 96 रन (7 चौका और 2 छक्का) बनाकर पवेलियन लौट गए। कोरी एंडरसन ने 40 रनों का योगदान दिया। न्यूजीलैंड ने 37 ओवर में 200 रन बना लिए थे इसके बाद अगले 13 ओवरों में किवी टीम ने 115 रन और जोड़कर स्कोर 315 रन तक पहुंचा दिया। श्रीलंका के लिए धमिका प्रसाद ने सर्वाधिक 2 विकेट झटके।
बुजुर्ग फिरकी गेंदबाज डेनियल विटोरी के लिए यह मैच खासा शानदार रहा। वह इस मैच के साथ सबसे ज्यादा वनडे मैच खेलने वाले न्यूजीलैंड के खिलाड़ी बन गए हैं। उनके करियर का यह 280वां वनडे मैच है। उन्होंने स्टीफन फ्लेंमिग (279 वनडे मैच) के रिकॉर्ड को तोड़ा। हालांकि विटोरी अपने ऐतिहासिक मैच में बेहद नाकाम रहे। बल्ले से सिर्फ 3 रन बना सके और गेंदबाजी में 8 ओवर डालने के बावजूद एक भी विकेट नहीं निकाल सके।
फिर लड़खड़ाई श्रीलंकाई पारी, 50 पर गंवाए 7 विकेट
मेजबान टीम से मिले 50 ओवर में 316 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने पहले विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी की। हालांकि पिछले मैच के शतकवीर दिलशान तिलकरत्ने (21) आउट हो गए। इसके बाद कार्यवाहक कप्तान लाहिरू थिरिमने 21 रन के निजी स्कोर आउट हो गए।
श्रीलंका की ओर से सिर्फ कुमार संगकारा ही चले और 81 रनों का योगदान दिया, लेकिन दूसरे छोर से कोई भी श्रीलंकाई बल्लेबाज नहीं चला और एक के बाद एक करके चलते बने। श्रीलंका की बल्लेबाजी सीरीज में एक बार फिर बिखर गई। उसका स्कोर एक समय 3 विकेट पर 145 रन था लेकिन अगले 50 रन के अंदर पूरी टीम ऑलआउट हो गई। उसके 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।
श्रीलंका की ओर से एक अच्छी बात यह रही कि कुमार संगकारा ने 81 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर वनडे में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने के मामले में सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे नंबर पर पहुंच गए। संगकारा का वनडे में यह 113वां अर्धशतक है जबकि तेंदुलकर के नाम 145 फिफ्टीज दर्ज हैं।
न्यूजीलैंड की ओर से आलराउंड प्रदर्शन करते हुए कोरी एंडरसन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 52 रन देकर 4 विकेट झटके। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने 7 मैचों की वनडे सीरीज में 4-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।
पहली बार हुआ ऐसा, एक मैच में 2 बल्लेबाज हुए 'नर्वस नाइंटीज'
सीरीज के छठे मैच में दो बल्लेबाजों की नाकामी ने एक दुर्भाग्यपूर्ण इतिहास बना दिया। न्यूजीलैंड को संकट से बाहर निकालने वाले केन विलियम्सन और रॉस टेलर थोड़े अनलकी रहे और दोनों 95 से ज्यादा स्कोर करने के बाद भी शतक से चूक गए। वनडे इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी टीम के 2 बल्लेबाज एक ही मैच में 95 से ज्यादा का स्कोर करने के बावजूद शतक से चूक गए हों।
हालांकि वनडे में अब तक 8 बार ऐसा हुआ है जब किसी टीम के 2 बल्लेबाज 90 से ज्यादा का स्कोर करने के बाद शतक से चूक गए। विलियम्सन 3 रन से और टेलर 4 रन से अपने-अपने शतक से चूके।
वहीं श्रीलंका इस मैच में भी 200 से कम के स्कोर पर आउट हुई है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वह 16वीं बार 200 से कम के स्कोर पर आउट हो गई। पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड 26 बार वह 200 से कम के स्कोर पर आउट हुई है।