मंगलवार रात इंग्लैंड के हाथों लीड्स में मिली 8 विकेट की करारी हार के बाद टीम इंडिया ने 1-2 से वनडे सीरीज भी गंवा दी। हार के बाद प्रेस से बात करते हुए विराट ने हार की वजह बताई। कप्तान कोहली की माने तो टीम में बेहतर संतुलन न होने के चलते उन्होंने लगातार 10वीं वनडे सीरीज जीतने का मौका गंवा दिया।
कोहली का कहना था, ‘हम इस मैच में जीतने के लायक स्कोर खड़ा ही नहीं कर सके। हम 25-30 रन कम बना सके। इंग्लैंड ने हर विभाग में जोरदार प्रदर्शन किया और वह जीत के हकदार थे। विकेट बेहद धीमी थी, हमने इसकी उम्मीद नहीं जताई थी।’
साल भर बाद इंग्लैंड में होने वाले आईसीसी वर्ल्ड कप के मद्देनजर कोहली का कहना है कि टीम इंडिया को अब सिर्फ खिलाड़ियों की प्रतिभा के भरोसे नहीं रहना होगा, बल्कि बेहतर रणनीति और संतुलन बनाना होगा ताकि खेल के हर विभाग में जोरदार प्रदर्शन हो सके।
कोहली ने सीरीज के इस निर्णायक मुकाबले में टीम इंडिया में किए गए तीनों बदलावों को भी जायज ठहराया। उनका कहना था, ‘हमें उम्मीद थी कि दिनेश कार्तिक अच्छा प्रदर्शन करेंगे लेकिन वह अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए। मुझे टीम में किए गए बदलावों पर कोई दुख नहीं है।’
बताते चले कि टीम इंडिया ने टॉस हारने के बाद स्कोरबोर्ड पर 8 विकेट के नुकसान पर 256 का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में इंग्लैंड टीम ने 33 गेंद शेष रहते ही इस लक्ष्य को पा लिया। अब वनडे सीरीज के बाद टेस्ट सीरीज की बारी है जो एक अगस्त से शुरू होगी।