अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत की तरफ से खेलते हुए टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले यशस्वी जायसवाल अब किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। कड़े संघर्ष से निकलते हुए तेजी से भारतीय क्रिकेट में अपना नाम बनाने वाले यशस्वी ने आईपीएल से करोड़ों रुपये कमाए। कभी गोलगप्पे बेचकर और टेंट में रात गुजारकर अपना गुजारा करने वाले यशस्वी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
VIDEO: कभी गोलगप्पे बेचकर किया था गुजारा, अब इस युवा क्रिकेटर ने बहन की कराई शादी
जो वीडियो इस युवा क्रिकेटर ने शेयर किया है उसमें वह अपनी मां से कहते हैं। दीदी की शादी होने जा रही है आज, 'मम्मी और हम इसकी शादी करवाने जा रहे हैं। गौरतलब है कि यशस्वी की बहन की शादी 3 जनवरी 2021 को हुई है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के भदोही के रहने वाले यशस्वी का बचपन बेहद ही गरीबी में बिता है। केवल 11 साल की उम्र में क्रिकेटर बनने का सपना लेकर जायसवाल मुंबई पहुंच गए। वहां उन्होंने एक डेयरी फॉर्म में रहना शुरू किया। लेकिन कुछ समय बाद उनका सामान उठाकर फेंक दिया गया और उन्हें बाहर निकाल दिया गया।
यशस्वी अपना पेट पालने के लिए आजाद मैदान में राम लीला के दौरान पानी-पूरी (गोलगप्पे) और फल बेचने में मदद करते थे। मगर ऐसे भी दिन थे, जब उन्हें खाली पेट सोना पड़ता था क्योंकि जिन ग्राउंड्समैन के साथ वह रहते थे, वह आपस में लड़ाई करते थे और खाना नहीं बनाते थे।
क्रिकेट के मैदान में यशस्वी ने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी 2019 में मुंबई की तरफ से खेलते हुए एक दोहरा शतक सहित तीन शतकों की मदद से पांच मैचों में 500 से अधिक रन बनाए। उन्होंने झारखंड के खिलाफ 149 गेंदों में अपना पहला दोहरा शतक लगाया और सबसे कम उम्र में ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए। इतना ही नहीं वे विजय हजारे ट्रॉफी की एक पारी में सबसे ज्यादा 12 छक्के लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए।