IND vs AFG: दो मैच में छह विकेट, गुरनूर ने जीता भरोसा; गावस्कर बोले- टैलेंट देखकर चयनकर्ताओं ने लिया फैसला
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार की जमकर तारीफ हुई है। सुनील गावस्कर ने उनकी प्रतिभा पहचानने का श्रेय भारतीय चयन समिति को दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज में भारत के युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा है। दो मुकाबलों में छह विकेट लेने वाले गुरनूर की पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि युवा गेंदबाज की काबिलियत को पहचानने का श्रेय भारतीय चयन समिति को मिलना चाहिए।
दूसरे वनडे में भी दिखा गुरनूर का दम
गुरनूर ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में 10 ओवर में 60 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने पदार्पण मुकाबले में भी उन्होंने तीन विकेट लिए थे।
जियो हॉटस्टार से बातचीत में गावस्कर ने कहा "गुरनूर का रन-अप बहुत अच्छा है और उनका रिदम भी शानदार है। वह गेंद को सही जगह पर डाल रहे हैं और उछाल भी हासिल कर रहे हैं। गुरबाज का विकेट खास तौर पर बेहतरीन था, क्योंकि बाउंसर उनके पीछे की ओर आ रहा था। यह बेहद सटीक गेंद थी और ठीक वहीं पहुंची जहां बल्लेबाज उसे नहीं चाहता।"
चयन समिति की तारीफ के हकदार हैं चयनकर्ता
गावस्कर ने कहा कि गुरनूर का चयन केवल आंकड़ों के आधार पर नहीं देखा जाना चाहिए। उनके अनुसार अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने खिलाड़ी के भीतर कुछ खास देखा और उसी आधार पर उन्हें मौका दिया।
उन्होंने कहा "मुझे लगता है कि चयन समिति पूरी तरह तारीफ की हकदार है। अगर आप गुरनूर के आंकड़े या भारत-ए के लिए उनके प्रदर्शन को देखें तो वह अच्छे रहे हैं, लेकिन ऐसे नहीं थे कि तुरंत भारतीय टीम में जगह मिलने की बात कही जाए। चयन समिति ने उनमें कुछ देखा और इसलिए उन्हें चुना। उन्हें टीम प्रबंधन का समर्थन भी मिला, जो काफी महत्वपूर्ण है।"
शुभमन गिल की फॉर्म पर भी बोले गावस्कर
पूर्व कप्तान ने भारतीय कप्तान शुभमन गिल की शानदार बल्लेबाजी पर भी अपनी राय रखी। अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में गिल ने 110 गेंदों पर 154 रन बनाए थे। उन्होंने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 224 रन की साझेदारी की, जिसकी बदौलत भारत ने 402 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
गावस्कर का मानना है कि किसी कप्तान का व्यक्तिगत प्रदर्शन उसके फैसलों को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि जब कोई खिलाड़ी या कप्तान रन नहीं बना रहा होता तो उसका आत्मविश्वास कुछ कम हो जाता है। उनके मुताबिक ऐसे समय में गेंदबाज को अतिरिक्त ओवर देने या फील्डिंग में बदलाव जैसे छोटे लेकिन अहम फैसले लेना आसान नहीं होता। ये फैसले अक्सर अनुभव और अंदरूनी समझ के आधार पर लिए जाते हैं।
गावस्कर ने कहा कि जब खिलाड़ी अच्छी फॉर्म में होता है और लगातार प्रदर्शन कर रहा होता है, तब उसका आत्मविश्वास बढ़ जाता है। इससे वह मैदान पर ज्यादा भरोसे के साथ फैसले ले पाता है। अफगानिस्तान को दूसरे वनडे में 170 रन से हराने के साथ ही भारतीय टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा।