सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Pakistan-Born UAE Pacer Zahoor Khan Claims Credit For Teaching Jasprit Bumrah Deadly Slower Ball

जसप्रीत बुमराह को घातक स्लोअर गेंद करना किसने सिखाया?: पाकिस्तानी मूल के पेसर ने लिया क्रेडिट, किए बड़े दावे

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Swapnil Shashank Updated Wed, 11 Mar 2026 09:06 AM IST
विज्ञापन
सार

यूएई के लिए खेलने वाले पाकिस्तानी मूल के तेज गेंदबाज जाहूर खान ने दावा किया है कि उन्होंने भारतीय स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह को स्लोअर बॉल की खास तकनीक सिखाई थी। उनका कहना है कि आईपीएल 2020 के दौरान वह मुंबई इंडियंस के नेट बॉलर थे और उसी दौरान बुमराह के साथ उनकी इस तकनीक को लेकर बातचीत हुई। जाहूर ने बताया कि उन्होंने बुमराह को बिना एक्शन बदले स्लोअर गेंद डालने की ट्रिक समझाई थी।

Pakistan-Born UAE Pacer Zahoor Khan Claims Credit For Teaching Jasprit Bumrah Deadly Slower Ball
जाहूर खान का बड़ा दावा - फोटो : Twitter
विज्ञापन

विस्तार

यूएई के तेज गेंदबाज जाहूर इन दिनों अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में उन्होंने दावा किया है कि भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की घातक स्लोअर गेंद की तकनीक को बेहतर बनाने में उनका योगदान रहा है।
Trending Videos


जाहूर खान के मुताबिक यह घटना साल 2020 में हुई, जब कोविड-19 के कारण आईपीएल का आयोजन यूएई में किया गया था। उस दौरान वह मुंबई इंडियंस के लिए नेट बॉलर के रूप में टीम से जुड़े थे। उन्होंने कहा कि बुमराह पहले भी स्लोअर गेंद डालते थे, लेकिन उनकी तकनीक को और बेहतर बनाने के लिए उन्होंने कुछ सुझाव दिए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

Pakistan-Born UAE Pacer Zahoor Khan Claims Credit For Teaching Jasprit Bumrah Deadly Slower Ball
जाहूर खान का बड़ा दावा - फोटो : Twitter
अबू धाबी मैच के बाद शुरू हुई बातचीत
जाहूर खान ने उस समय की एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि अबू धाबी में खेले गए एक मुकाबले में बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और नाथन कूल्टर-नाइल ने काफी रन खर्च कर दिए थे। उन्होंने कहा, 'एक कहानी सुनाता हूं। बुमराह पहले भी स्लोअर गेंद डालते थे, लेकिन सामान्य एक्शन से। अबू धाबी के एक मैच में उन्होंने, ट्रेंट बोल्ट और नाथन कूल्टर-नाइल ने काफी रन दे दिए थे। उस समय सितंबर में यूएई में तापमान करीब 50 डिग्री होता है और इतनी गर्मी में गेंद पकड़ना भी मुश्किल हो जाता है।'

मुंबई इंडियंस के साथ अभ्यास सत्र में बुलाया गया
जाहूर ने बताया कि इसके बाद उन्हें मुंबई इंडियंस के साथ अभ्यास सत्र में बुलाया गया और उन्होंने अपनी गेंदबाजी से सभी का ध्यान खींचा। जाहूर ने वीडियो में कहा, 'मुंबई इंडियंस ने मुझे बुलाया। मैंने छह दिन क्वारंटीन किया और सातवें दिन प्रैक्टिस के लिए गया। उस रात मैं टीम के साथ था। जहीर खान और रॉबिन सिंह मुझे जानते थे, क्योंकि मैंने टी10 लीग में एक मेडन ओवर फेंका था। मैंने पहली गेंद यॉर्कर डाली और अगली पांच गेंदें स्लोअर थीं। हम सब साथ बैठे हुए थे, बुमराह आकर टेबल के सामने बैठ गए, रोहित शर्मा भी वहीं बैठ गए और मैं भी वहीं बैठा था, बस सब देख रहा था।'

Pakistan-Born UAE Pacer Zahoor Khan Claims Credit For Teaching Jasprit Bumrah Deadly Slower Ball
जाहूर खान का बड़ा दावा - फोटो : Twitter
मुंबई इंडियंस मैनेजमेंट को पहले से पता थी खासियत
जाहूर खान ने बताया कि मुंबई इंडियंस का टीम मैनेजमेंट उनकी स्लोअर गेंदों के बारे में पहले से जानता था। टी10 लीग में उनके प्रदर्शन की वजह से टीम के कई सदस्य उनकी गेंदबाजी से परिचित थे। उन्होंने याद किया कि इसी दौरान उनकी भारतीय स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह के साथ स्लोअर गेंद की तकनीक को लेकर लंबी बातचीत हुई। इसके बाद दोनों ने नेट्स में साथ गेंदबाजी भी की। जाहूर के मुताबिक, उन्होंने बुमराह से कहा, 'वही एक्शन और वही ग्रिप रखकर स्लोअर गेंद डाली जाती है। उन्होंने पूछा कि यह कैसे संभव है? मैंने कहा कि प्रैक्टिस में बताऊंगा। उन्होंने कहा कि ठीक है, अगली प्रैक्टिस में अपनी ग्रिप जरूर दिखाना।'

नेट्स में दिखाई स्लोअर गेंद की तकनीक
जाहूर ने बताया कि जब अगला अभ्यास सत्र शुरू हुआ तो उन्होंने नेट्स में अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया। उस समय मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी कोच शेन बॉन्ड और मुख्य कोच महेला जयवर्धने भी वहां मौजूद थे। उन्होंने कहा, 'जब प्रैक्टिस शुरू हुई तो मैं गेंदबाजी कर रहा था। उस समय शेन बॉन्ड गेंदबाजी कोच थे और महेला जयवर्धने नेट्स के पीछे खड़े थे। मैंने एक स्लोअर बाउंसर डाली, जिस पर बल्लेबाज चकमा खा गया। तब शेन बॉन्ड ने मुझसे पूछा कि तुम्हारी ग्रिप क्या है? क्या तुम ऑफ-कटर डालते हो? मैंने कहा नहीं, यह उसी ग्रिप से डाली गई गेंद है।'

Pakistan-Born UAE Pacer Zahoor Khan Claims Credit For Teaching Jasprit Bumrah Deadly Slower Ball
जाहूर खान का बड़ा दावा - फोटो : Twitter
कोच शेन बॉन्ड और जयवर्धने भी हुए हैरान
जाहूर के मुताबिक, शेन बॉन्ड ने जयवर्धने से कहा कि यह क्रिकेट में नई चीज है, देखो कैसे यह एक ही एक्शन और आर्म स्पीड में स्लोअर गेंद डाल रहा है। जाहूर का कहना है कि उनकी इस तकनीक ने टीम के कोचिंग स्टाफ को भी प्रभावित किया था। जाहूर खान ने आगे बताया कि जब उनसे ग्रिप दिखाने को कहा गया तो उन्होंने नेट्स में वही तकनीक दोहराकर दिखाई। उन्होंने कहा, 'उन्होंने मुझसे कहा कि दिखाओ कैसे करते हो। मैंने ऐसे ही गेंद फेंककर दिखाई और फिर दो-तीन स्लोअर गेंदें डालीं। इसके बाद उन्होंने जयवर्धने से कहा कि यह क्रिकेट में नई चीज है। उन्होंने कहा- देखो यह कितनी शानदार स्लोअर गेंद डालता है, वही एक्शन और वही आर्म स्पीड रखते हुए।'

बुमराह ने खुद पूछा था स्लोअर गेंद का राज
जाहूर के मुताबिक, इसके एक-दो दिन बाद उनकी नेट्स में जसप्रीत बुमराह के साथ गेंदबाजी हुई। उसी दौरान बुमराह ने उनसे स्लोअर गेंद की ग्रिप के बारे में पूछा। उन्होंने कहा, 'बुमराह ने मुझसे कहा- पाजी, आपकी ग्रिप क्या है, मुझे दिखाओ।’ मैंने उन्हें वही ग्रिप दिखा दी और बताया कि गेंद उसी एक्शन में आनी चाहिए। फिर उन्होंने गेंद डाली और कहा, यह तो नेक्स्ट लेवल चीज है।' जाहूर ने अंत में कहा कि उन्हें यह बात काफी पसंद आई कि इतने बड़े स्टार गेंदबाज होने के बावजूद बुमराह नई चीजें सीखने के लिए उत्सुक थे। उन्होंने कहा, 'मैं इस समय यूएई के लिए खेल रहा हूं और वह विश्व स्तरीय गेंदबाज हैं। मुझे यह बात बहुत अच्छी लगी कि इतने बड़े स्टार होने के बावजूद वह मुझसे पूछ रहे थे।'

हालांकि जाहूर खान के इस दावे पर आधिकारिक तौर पर जसप्रीत बुमराह और मुंबई इंडियंस की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन यह वीडियो सामने आने के बाद क्रिकेट फैंस के बीच इस दावे को लेकर चर्चा जरूर तेज हो गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed