IND vs ZIM: श्रेयस अय्यर ने धोनी का ऐसा कौन सा रिकॉर्ड तोड़ा, जिसकी हो रही चर्चा? पहली जीत के साथ रचा इतिहास
जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 में भारत को सात विकेट से जीत दिलाने के साथ ही श्रेयस अय्यर ने कप्तानी में एक अनोखा विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अय्यर पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कप्तानी के पहले आठों मैचों में लगातार टॉस जीतने वाले दुनिया के पहले कप्तान बन गए। उन्होंने इस मामले में एमएस धोनी का भारतीय रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में भारत ने सात विकेट से शानदार जीत दर्ज की, लेकिन यह मुकाबला सिर्फ जीत तक सीमित नहीं रहा। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपनी कप्तानी में ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जो उनसे पहले दुनिया का कोई भी कप्तान नहीं बना सका था। दिलचस्प बात यह रही कि इसी मुकाबले में उन्हें कप्तान के रूप में पहली जीत भी मिली। भारत ने 126 रन का लक्ष्य 13.2 ओवर में ही हासिल कर लिया। 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने 18 गेंदों में तूफानी अर्धशतक जड़कर मैच को एकतरफा बना दिया, जबकि श्रेयस अय्यर (नाबाद 28) और ईशान किशन (35) ने जीत सुनिश्चित की।
आखिर कौन सा रिकॉर्ड बना गए श्रेयस अय्यर?
- श्रेयस अय्यर पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कप्तानी के पहले आठों मैचों में लगातार टॉस जीतने वाले दुनिया के पहले कप्तान बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड बहामास के ग्रेगरी टेलर के नाम था, जिन्होंने कप्तानी की शुरुआत में लगातार सात टॉस जीते थे।
- भारतीय कप्तानों की बात करें तो एमएस धोनी के नाम लगातार सात टी20 अंतरराष्ट्रीय टॉस जीतने का रिकॉर्ड था। धोनी ने मई 2010 से फरवरी 2012 के बीच लगातार सात बार टॉस अपने नाम किया था। अय्यर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टॉस जीतते ही धोनी का यह रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
- हालांकि, अय्यर के लिए यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि कप्तान बनने के बाद शुरुआती सात मैचों में उन्हें जीत नहीं मिली थी। आयरलैंड के खिलाफ भारत 2-0 से सीरीज हार गया था, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ 4-0 से हार झेलनी पड़ी थी। एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द रहा था। ऐसे में कप्तान के रूप में पहली जीत उनके लिए राहत लेकर आई।
126 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पूरा किया। उनकी 50 रन की पारी ने मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया। इसके बाद ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने आसानी से टीम को जीत तक पहुंचाया।
इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 125/7 के स्कोर पर रोक दिया। तेज गेंदबाज मयंक यादव ने 2/18 के आंकड़े के साथ ब्रायन बेनेट और डियोन मायर्स जैसे अहम बल्लेबाजों को आउट किया। प्रिंस यादव ने भी दो विकेट लिए, जबकि रवि बिश्नोई और शिवम दुबे को एक-एक सफलता मिली।
मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा कि कप्तान के रूप में पहली जीत हासिल करना उनके लिए बेहद खास पल है। उन्होंने गेंदबाजों की सटीक रणनीति की तारीफ की और वैभव सूर्यवंशी की निडर बल्लेबाजी को शानदार बताया। अय्यर ने कहा कि वैभव में गजब का आत्मविश्वास है और जिस तरह से वह बल्लेबाजी करते हैं, वह टीम को तेज शुरुआत देने में सक्षम हैं। वहीं, प्लेयर ऑफ द मैच बने मयंक यादव ने कहा कि जिम्बाब्वे की पिच पर अतिरिक्त उछाल और सीम मूवमेंट का उन्हें पूरा फायदा मिला और टीम ने पहले ही ओवर से मैच पर पकड़ बना ली।