WTC 2027: अगले साल नौ जून से शुरू होगा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल; किस मैदान पर होगा खिताबी मुकाबला? जानें
आईसीसी ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2027 के फाइनल के लिए लंदन के द ओवल को मेजबान चुना है। मुकाबला नौ से 13 जून के बीच खेला जाएगा। टेस्ट क्रिकेट के 150 साल पूरे होने के मौके पर होने वाला यह फाइनल विशेष महत्व रखेगा। इंग्लैंड अगले तीन WTC फाइनल की मेजबानी करेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2027 के फाइनल के आयोजन स्थल का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित टेस्ट मुकाबले का आयोजन 9 से 13 जून 2027 के बीच लंदन के ऐतिहासिक द ओवल मैदान पर होगा। यह दूसरी बार होगा जब द ओवल WTC फाइनल की मेजबानी करेगा।
इससे पहले 2023 में भी इसी मैदान पर WTC फाइनल खेला गया था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर खिताब अपने नाम किया था। वहीं उद्घाटन WTC फाइनल 2021 में साउथेम्प्टन में खेला गया था, जहां न्यूजीलैंड ने भारत को हराया था। 2025 का फाइनल लॉर्ड्स में हुआ था, जिसमें दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को मात देकर पहली बार WTC ट्रॉफी जीती थी।
आईसीसी की 2025 वार्षिक बैठक में इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) को अगले तीन विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की मेजबानी सौंपी गई थी। इसी क्रम में 2027 के फाइनल के लिए द ओवल को चुना गया है। यह मुकाबला डब्ल्यूटीसी के चौथे चक्र का समापन भी करेगा।
डब्ल्यूटीसी फाइनल 2027 खास भी होगा क्योंकि इसी साल टेस्ट क्रिकेट के 150 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया जाएगा। ऐसे में क्रिकेट इतिहास के सबसे प्रतिष्ठित मैदानों में से एक द ओवल पर यह मुकाबला और भी यादगार बनने की उम्मीद है।
ईसीबी के मैनेजिंग डायरेक्टर (कम्पटीशंस एंड मेजर इवेंट्स) नील स्नोबॉल ने कहा, 'इंग्लैंड और वेल्स में अगले तीन WTC फाइनल की मेजबानी करना हमारे लिए सम्मान की बात है। 2023 में द ओवल में हुआ फाइनल दर्शकों और प्रसारकों दोनों के लिए शानदार अनुभव रहा था। हमें पूरा विश्वास है कि 2027 का फाइनल भी बेहद खास होगा।'
वहीं आईसीसी के जनरल मैनेजर (इवेंट्स एंड ऑपरेशंस) गौरव सक्सेना ने कहा, 'विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल अब वैश्विक क्रिकेट कैलेंडर के सबसे प्रतिष्ठित आयोजनों में शामिल हो चुका है। द ओवल का चयन ICC और ईसीबी के मजबूत सहयोग का प्रमाण है। टेस्ट क्रिकेट के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यहां फाइनल होना इसे और ऐतिहासिक बनाएगा।'
फिलहाल मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र में ऑस्ट्रेलिया 87.50 प्रतिशत अंक के साथ पहले स्थान पर है। मौजूदा चैंपियन दक्षिण अफ्रीका 75 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद है। न्यूजीलैंड तीसरे, बांग्लादेश चौथे और भारत पांचवें स्थान पर है। इसके बाद श्रीलंका, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और पाकिस्तान क्रमशः छठे से नौवें स्थान पर हैं।