'BCCI किसी के साथ नाइंसाफी नहीं करता': वैभव के डेब्यू पर क्या बोले राजीव शुक्ला? कोच-कप्तान का भी किया बचाव
भारत के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बने वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू के बाद बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया के दावों को खारिज करते हुए कहा कि बीसीसीआई किसी के साथ अन्याय नहीं करता।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भारत के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बनने पर वैभव सूर्यवंशी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बीसीसीआई खिलाड़ियों को उनकी योग्यता के आधार पर अवसर देता है। साथ ही सोशल मीडिया पर वैभव सूर्यवंशी को मौका नहीं मिलने को लेकर उठ रहे सवालों को भी खारिज किया।
क्या BCCI खिलाड़ियों के साथ नाइंसाफी करता है?
राजीव शुक्ला ने कहा कि उन्हें पहले से भरोसा था कि सही समय आने पर वैभव सूर्यवंशी को मौका जरूर मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा बल्लेबाज भविष्य में शानदार प्रदर्शन करेगा और अपनी अलग पहचान बनाएगा।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू और यह मौका मिलने पर बहुत-बहुत बधाई। बीसीसीआई किसी के साथ नाइंसाफी नहीं करता। जो इसके हकदार होते हैं, उन्हें मौका जरूर मिलता है। सोशल मीडिया पर काफी हंगामा था कि उन्हें मौका नहीं दिया जा रहा और कोच व कप्तान की आलोचना भी हो रही थी। लेकिन ऐसा नहीं था। मैंने कुछ दिन पहले भी कहा था कि सही समय आने पर उन्हें जरूर मौका मिलेगा और कल उन्हें मौका मिला। मुझे पूरा विश्वास है कि वह भविष्य में अच्छा प्रदर्शन करेंगे और अपनी पहचान बनाएंगे। यह टीम प्रबंधन का बेहतरीन फैसला है और इसकी सराहना होनी चाहिए।
वैभव सूर्यवंशी ने डेब्यू मैच में कैसा प्रदर्शन किया?
इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत 10 गेंदों में 14 रन बनाकर की। इस दौरान उन्होंने दो शानदार छक्के लगाए, लेकिन बाद में विल जैक्स की गेंद पर स्टंप आउट हो गए।
वैभव सूर्यवंशी ने कौन-कौन से रिकॉर्ड तोड़े?
15 साल और 99 दिन की उम्र में भारत की प्लेइंग इलेवन में शामिल होने के साथ ही वैभव सूर्यवंशी सभी प्रारूपों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। उन्होंने इस मामले में सचिन तेंदुलकर के टेस्ट (16 साल 205 दिन) और वनडे (16 साल 238 दिन) डेब्यू के रिकॉर्ड के साथ-साथ पीयूष चावला के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। साथ ही वह टेस्ट खेलने वाले देशों की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गए।भारत और इंग्लैंड के दूसरे टी20 मैच में क्या हुआ?
दूसरे टी20 मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 190 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों में 43 रन, श्रेयस अय्यर ने 22 गेंदों में 37 रन और ईशान किशन ने 40 गेंदों में 49 रन की पारी खेली। तिलक वर्मा ने अंत में 11 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाकर टीम का स्कोर 190 तक पहुंचाया। इंग्लैंड की ओर से सैम करन सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 33 रन देकर तीन विकेट लिए।
इंग्लैंड ने मैच कैसे अपने नाम किया?
191 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने फिल सॉल्ट और जोस बटलर के विकेट बिना खाता खोले गंवा दिए। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली बार दोनों सलामी बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए। इसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक ने 15 गेंदों में 39 रन की तेज पारी खेली। जैकब बेथेल ने टॉम बैंटन के साथ चौथे विकेट के लिए 67 रन जोड़े। बेथेल ने 46 गेंदों में नाबाद 76 रन बनाकर पारी को संभाला और जोफ्रा आर्चर के साथ मिलकर 19 ओवर में ही इंग्लैंड को जीत दिला दी।पहला टी20 मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है, जबकि भारत के पास अब भी वापसी के लिए तीन मुकाबले बाकी हैं।