Virat Kohli Records: लगातार दो शून्य के बाद शतक! विराट कोहली पहले बल्लेबाज; हिटमैन की इस मामले में बराबरी की
विराट कोहली ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ नाबाद 105 रन की पारी खेलकर सिर्फ मैच ही नहीं जिताया, बल्कि रिकॉर्ड्स की झड़ी भी लगा दी। इस शतक के साथ वह भारतीय बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा टी20 शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 14,000 टी20 रन पूरे करने का सबसे तेज रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने, सबसे ज्यादा शतक लगाने और कई बड़े रिकॉर्ड्स पर विराट ने कब्जा जमा लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पिछले दो मैचों में यानी मुंबई और लखनऊ के खिलाफ विराट शून्य पर आउट हुए थे। उसके बाद अगली पारी में शतक जड़ना आईपीएल इतिहास में पहली बार हुआ।
टी20 क्रिकेट में विराट से पहले सिर्फ पांच खिलाड़ी ही लगातार दो डक के बाद शतक लगा पाए थे। अब विराट भी उस खास सूची में शामिल हो गए। कोहली से पहले ऐसा डेविड वॉर्नर (2011 में नाबाद 102 रन), राइली रूसो (2022 में नाबाद 100 रन), रोहित शर्मा (2024 में 121 रन), संजू सैमसन (2024 में 109 रन) और हसन नवाज (2025 में 105 रन) ऐसा कर चुके हैं।
विराट अब आईपीएल में 21 बार प्लेयर ऑफ द मैच जीत चुके हैं। भारतीय खिलाड़ियों में यह संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा है। इस सूची में वह रोहित शर्मा के बराबर पहुंच गए।
आईपीएल में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड
(भारतीय खिलाड़ियों में)
| खिलाड़ी | प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड |
|---|---|
| विराट कोहली | 21* |
| रोहित शर्मा | 21 |
| महेंद्र सिंह धोनी | 18 |
| रविंद्र जडेजा | 17 |
| केएल राहुल | 17 |
| यूसुफ पठान | 16 |
यह विराट का टी20 क्रिकेट में 10वां शतक था। इसके साथ वह भारत के पहले खिलाड़ी बने जिनके नाम 10 T20 सेंचुरी हैं। दुनिया में उनसे आगे सिर्फ क्रिस गेल (22), बाबर आजम (13) और डेविड वॉर्नर (10) हैं।
विराट ने सिर्फ 420 पारियों में 14,000 टी20 रन पूरे किए। इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 423 पारियां ली थीं। भारत से यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह पहले बल्लेबाज बने।
अब विराट के नाम आईपीएल में नौ शतक हो चुके हैं। दूसरे नंबर पर जोस बटलर हैं, जिनके सात शतक हैं। यानी विराट इस मामले में सबसे आगे निकल चुके हैं।
यह विराट का 279वां आईपीएल मैच था। उन्होंने एमएस धोनी और रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 278-278 मैच खेले हैं।
देवदत्त पडिक्कल और विराट के बीच सफल रन चेज में 10 बार 50+ साझेदारी हुई है, जो आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा है। दोनों ने 1035 रन जोड़े हैं।
अपनी इस पारी में विराट ने 46 रन सिर्फ मिडविकेट क्षेत्र में बनाए। टी20 क्रिकेट में यह उनके करियर का उस क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इससे पता चलता है कि उन्होंने गेंदबाजों की लाइन पूरी तरह बिगाड़ दी।
रायपुर में खेले गए 33 पुरुष T20 मुकाबलों में 105* सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गया। इससे पहले यहां सिर्फ केन विलियम्सन ने शतक लगाया था।
11. केकेआर के खिलाफ आरसीबी के शतक
आरसीबी और केकेआर के बीच आईपीएल मुकाबलों में अब तक सिर्फ तीन शतक लगे हैं और खास बात यह है कि इनमें से दो शतक कोहली के बल्ले से निकले हैं। पहला शतक 2011 में क्रिस गेल ने कोलकाता में लगाया था, जब उन्होंने सिर्फ 55 गेंदों में नाबाद 102 रन बनाए। इसके बाद 2019 में विराट ने कोलकाता के मैदान पर 58 गेंदों में 100 रन ठोके। अब 2026 में रायपुर में विराट ने 60 गेंदों में नाबाद 105 रन बनाकर इस प्रतिद्वंद्विता का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर अपने नाम कर लिया।
RCB की ओर से केकेआर के खिलाफ शतक
| खिलाड़ी | स्कोर | गेंदें | स्थान | साल |
|---|---|---|---|---|
| क्रिस गेल | 102* | 55 | कोलकाता | 2011 |
| विराट कोहली | 100 | 58 | कोलकाता | 2019 |
| विराट कोहली | 105* | 60 | रायपुर | 2026 |
आईपीएल में रन चेज करते हुए शतक लगाना सबसे मुश्किल उपलब्धियों में माना जाता है। इस रिकॉर्ड में जोस बटलर और विराट कोहली संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। दोनों ने आईपीएल में लक्ष्य का पीछा करते हुए तीन-तीन शतक लगाए हैं। तीसरे नंबर पर बेन स्टोक्स हैं, जिन्होंने दो बार रन चेज में शतक जड़े हैं।
IPL में रन चेज करते हुए सबसे ज्यादा शतक
| खिलाड़ी | रन चेज़ में शतक |
|---|---|
| जोस बटलर | 3 |
| विराट कोहली | 3* |
| बेन स्टोक्स | 2 |
आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में कोहली लिस्ट में शुरुआती छह में से चार बार आते हैं। शीर्ष-6 की लिस्ट में उन्होंने चार टीमों के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने सीएसके के खिलाफ 1174 रन बनाए हैं, दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 1172 रन बनाए। तीसरे स्थान पर रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने केकेआर के खिलाफ 1161 रन बनाए। वहीं विराट ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 1159 रन बनाकर चौथा स्थान हासिल किया है। अब केकेआर के खिलाफ उनके 1126 रन हो चुके हैं और वह भी इस सूची में शामिल हो गए हैं।
IPL में किसी एक विरोधी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन
| बल्लेबाज | विरोधी टीम | रन |
|---|---|---|
| विराट कोहली | CSK | 1174 |
| विराट कोहली | DC | 1172 |
| रोहित शर्मा | KKR | 1161 |
| विराट कोहली | PBKS | 1159 |
| डेविड वॉर्नर | PBKS | 1134 |
| विराट कोहली | KKR | 1126* |
आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ शतक लगाना बड़ी उपलब्धि माना जाता है, लेकिन दो अलग-अलग टीमों के खिलाफ दो-दो शतक लगाना बल्लेबाज की निरंतरता और दबदबे को दर्शाता है। इस खास रिकॉर्ड में सिर्फ दो बल्लेबाज शामिल हैं- जोस बटलर और विराट कोहली। बटलर ने केकेआर और आरसीबी के खिलाफ दो-दो शतक लगाए हैं। वहीं विराट कोहली ने गुजरात लायंस और केकेआर के खिलाफ दो-दो शतक जड़े हैं।