Champawat By Election: यूपी सीएम योगी से लेकर कई मंत्रियों ने झोंकी थी प्रचार में ताकत, फिर नहीं हो पाई भाजपा की ये मंशा पूरी
चंपावत उपचुनाव में प्रचार के लिए राजनीतिक हस्तियों के अलावा नामी गायक पवनदीप राजन, कवि डॉ. कुमार विश्वास, सिने कलाकार हेमंत पांडेय जैसे नामचीन शख्सियत भी यहां पहुंचे थे। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, रक्षा राज्य मंत्री और उत्तराखंड के दो पूर्व मुख्यमंत्री ने भी चंपावत उपचुनाव के प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ी थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंपावत सीट के लिए हुए उपचुनाव में 61595 (64.02 प्रतिशत) लोगों ने मतदान किया। मतदान का ये प्रतिशत पिछले 15 साल में सबसे कम है। मतदान में नया रिकॉर्ड बनाने की मंशा पूरी नहीं हो सकी। इस साल फरवरी में हुए आम चुनाव में हुई वोटिंग से ज्यादा मतदान नहीं हो सका।
भाजपा से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रत्याशी होने और प्रदेश सरकार सहित संगठन को झोंकने के बावजूद 1775 वोट (1.97 प्रतिशत) कम पड़े। चंपावत उपचुनाव में भाजपा के दो लक्ष्य थे। पहला रिकॉर्ड मतदान करना और दूसरा उपचुनाव में सबसे ज्यादा अंतर से जीत हासिल करना।
इस साल 14 फरवरी को हुई वोटिंग में 96016 वोटों में से 63370 (65.99 प्रतिशत) मत पड़े जबकि 31 मई को हुई वोटिंग में 96213 में से 61595 मत पड़े। मतदान बढ़ाने के लिए भाजपा के जिला संगठन से लेकर प्रदेश नेतृत्व और सरकार के कई मंत्रियों और विधायकों ने ताकत झोंकी थी।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा राज्य मंत्री और उत्तराखंड के दो पूर्व मुख्यमंत्री ने भी चंपावत आए। संगठन के स्तर पर राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा सहित संगठन के दिग्गजों ने कार्यकर्ताओं को अधिक मतदान के लिए प्रेरित करते रहे।
वनरावत गांव खिरद्वारी में 52 प्रतिशत लोगों ने वोट किया
राजनीतिक हस्तियों के अलावा नामी गायक पवनदीप राजन, कवि डॉ. कुमार विश्वास, सिने कलाकार हेमंत पांडेय जैसे नामचीन शख्सियत भी यहां पहुंचे। प्रशासन ने स्वीप कार्यक्रम के जरिये अधिकतम वोटिंग के लिए अभियान भी चलाया था लेकिन आम चुनाव में हुए मतदान का रिकॉर्ड दो प्रतिशत कम वोटिंग के कारण टूटने से रह गया।
बारिश ने थामी वोट की बारिश : भाजपा
भाजपा ने मतदान के दिन करीब आधा घंटे हुए बारिश को मतदान का रिकॉर्ड न टूटने की वजह बताया है। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी मोहन अधिकारी का कहना है कि बारिश के कारण दोपहर दो बजे बाद मतदान की गति में कुछ गिरावट आई। अगर मौसम ठीक रहता, तो निश्चित रूप से टूटता लेकिन भाजपा जीत के अंतर की नई इबारत रचेगी।
आदिम जनजाति वनरावत गांव खिरद्वारी के मतदान केंद्र में 52.31 प्रतिशत मतदान हुआ। सेक्टर मजिस्ट्रेट राजकुमार ने बताया कि इस बूथ में 390 मतदाताओं में से 204 मतदाताओं ने वोट दिया। इनमें 109 पुरुष और 95 महिलाएं शामिल हैं जबकि फरवरी में हुए आम चुनाव में वहां कुल 213 लोगों ने मतदान किया था। इस मतदान केंद्र में खिरद्वारी के अलावा लोडियालसेरा, फुरकियाझाला, उपराकोट गांव के लोग मतदान करते हैं।
चंपावत की विधानसभा सीट के मतदेय स्थल और मतदान प्रतिशत
वर्ष कुल मतदाता मतदान मत प्रतिशत
2002 71020 38893 54.76
2007 94344 54727 64.88
2012 76385 58187 76.17
2017 88781 58979 66.43
2022 96016 63370 65.99