चारधाम यात्रा 2026: पौड़ी जनपद को एक जोन व पांच सेक्टर में बांटा,19 अप्रैल से शुरू हो रही यात्रा की तैयारी तेज
चारधाम यात्रा के लिए पौड़ी जिले को एक जोन व पांच सेक्टर में बांटा गया है। यहां अधिकारियों और जवानों की तैनाती की जाएगी।
विस्तार
चारधाम यात्रा के लिए जनपद में पुलिस महकमा सक्रिय हो गया है। 19 अप्रैल से शुरू हो रही यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पौड़ी जनपद में कीर्तिनगर पुल से सिरोबगड़ तक करीब 22 किलोमीटर के यात्रा मार्ग पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
इस मार्ग में श्रीनगर, श्रीकोट व कलियासौड़ के साथ ही लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गरुड़ चट्टी से आसन बैराज व भीमगोड़ा बैराज तक के हिस्से को भी यात्रा प्रबंधन में शामिल किया गया है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को एक जोन और पांच सेक्टर में विभाजित किया है, जहां अधिकारियों और जवानों की तैनाती की जाएगी। यातायात को सुचारु रखने के साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए श्रीनगर और श्रीकोट में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी, जिनके माध्यम से मौसम और मार्ग की स्थिति की जानकारी दी जाएगी।
500 वाहनों की होगी पार्किंग व्यवस्था
पुलिस का चारधाम यात्रा में पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर है। पुलिस ने श्रीनगर के एनआईटी खेल मैदान, आवास विकास की खाली भूमि, फरासू के पास पार्किंग जोन तैयार किए हैं। यहां 500 वाहन एक समय में पार्क हो सकते हैं। इसके अलावा पानी, बिजली, शौचालय की व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों से समन्वय किया जा रहा है।
ये रहेंगे वैकल्पिक मार्ग
देवप्रयाग-सबदरखाल-पौड़ी-पैठाणी-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग
श्रीनगर-बुघाणी-चमधार मोटर मार्ग
डुंगरीपंथ-छातीखाल-खांकरा मोटर मार्ग
श्रीनगर-खिर्सू-खेड़ाखाल मोटर मार्ग
भारी पुलिस बल रहेगा तैनात
चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस विभाग ने बड़ी संख्या में बल तैनात किया है। इसमें एक सीओ, दो इंस्पेक्टर, 30 एसआई व एएसआई, 100 कांस्टेबल व हेड कांस्टेबल, 15 महिला कांस्टेबल, दो सेक्शन पीएसी, एक टीम एसडीआरएफ, 70 होमगार्ड, 60 पीआरडी जवान, फायर सर्विस की 2 यूनिट, एचपीयू व सीपीयू के 6 कार्मिक तथा संचार सेवा के 2 कर्मी शामिल हैं।
पर्यटन पुलिस व सीजनल चौकियां स्थापित
यात्रा के दौरान सहायता और सुरक्षा के लिए श्रीनगर गढ़वाल में बाजार चौकी के साथ पर्यटन पुलिस चौकी स्थापित की गई है। इसके अलावा बदरीनाथ हाईवे पर फरासू, सिरोबगड़ और गरुड़ चट्टी में सीजनल चौकियां भी बनाई गई हैं, ताकि यात्रियों को त्वरित सहायता मिल सके।
ये भी पढे़ं...दिल्ली-दून-एक्सप्रेस वे: अप्रैल में पीएम मोदी करेंगे शुभारंभ, केदारनाथ धाम के कपाटोद्घघाटन पर हैं पहुंच सकते
- चारधाम यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सीओ को प्रशासन व लोनिवि के साथ मुख्य व वैकल्पिक मोटर मार्गों के संयुक्त निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। पुलिस टीम को यात्रियों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता न हो, इसकी कड़ी हिदायत दी गई है। -सर्वेश पंवार, एसएसपी पौड़ी।