उत्तराखंड: 39वें राष्ट्रीय खेलों में टॉप-पांच में जगह बनाने का लक्ष्य, राज्य ने तैयार की खास रणनीति
38वें राष्ट्रीय खेलों में 102 पदक जीतने के बाद उत्तराखंड की नजर अब मेघालय में होने वाले अगले राष्ट्रीय खेलों पर है। राज्य के खिलाड़ी पदक तालिका में टॉप-पांच में जगह बनाने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे। इसके लिए खेल विभाग ने प्रशिक्षण से लेकर प्रतियोगिता पूर्व तैयारियों तक की कार्ययोजना बनाई है।
विस्तार
39वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय पदक तालिका में टॉप-पांच में स्थान बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे। इसके लिए खेल विभाग ने विशेष कार्ययोजना तैयार की है। कार्ययोजना को मंजूरी के लिए शासन को भेज दिया गया है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रीय खेलों से पहले खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, प्रतियोगिता पूर्व तैयारियों और खेल सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगाई थी। खिलाड़ियों ने खासकर मुक्केबाजी, ताइक्वांडो और एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन कर 102 पदक जीते। खिलाड़ियों के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन से उत्साहित खेल विभाग ने अब आगामी राष्ट्रीय खेलों में प्रदर्शन को और बेहतर करने का लक्ष्य तय किया है।
प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं
विभागीय अधिकारियों के अनुसार 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने कई खेलों में शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया। इस प्रदर्शन को आधार बनाकर उन खेल विधाओं और खिलाड़ियों का खेल एसोसिएशनों की ओर से चयन किया जाएगा। जिनसे मेघालय में होने वाले राष्ट्रीय खेलों में पदक की उम्मीद है।
कार्ययोजना के तहत संभावित पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रतियोगिता से पहले बेहतर प्रशिक्षण, आवश्यक खेल उपकरण और विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। साथ ही खिलाड़ियों के प्रदर्शन की नियमित समीक्षा भी की जाएगी, ताकि राष्ट्रीय खेलों से पहले उनकी तैयारियों में किसी तरह की कमी न रहे।
खेल विभाग का मानना है कि उत्तराखंड में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने की है। इसी दिशा में विभाग आगामी राष्ट्रीय खेलों को ध्यान में रखते हुए तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की योजना बना रहा है।
मेघालय में उत्तराखंड के सामने यह होगी चुनौती
38वें राष्ट्रीय खेलों में मिली सफलता के बाद अब उत्तराखंड के सामने अपने प्रदर्शन को दोहराने के साथ ही पदक तालिका में और ऊपर पहुंचने की चुनौती है। विभाग का लक्ष्य है कि मेघालय में होने वाले 39वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड अधिक पदक जीतकर नया रिकॉर्ड कायम करे।
ये भी पढे़ं...मंत्री रेखा आर्या प्रकरण: कोर्ट के माध्यम से आज फोरेंसिक भेजी जा सकती है ऑडियो, साहू के नेपाल भागने की आशंका
मेघालय में होने वाले राष्ट्रीय खेलों की तैयारी के लिए विभाग ने कार्ययोजना (एसओपी) तैयार की है। इसमें खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और कोच की व्यवस्था सहित सभी चीजों को ध्यान में रखा गया है, जिसे मंजूरी के लिए शासन को भेजा गया है। - अजय अग्रवाल, संयुक्त निदेशक खेल