उत्तराखंड: अनुरोध के बाद अब धारा-27 के तहत होंगे शिक्षकों के तबादले, तीन हजार से अधिक ने किया आवेदन
लंबे समय से तबादलों का इंतजार कर रहे शिक्षकों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। शिक्षा विभाग में मिले आवेदनों की संख्या तीन हजार के पार पहुंच चुकी है। दस्तावेजों की पड़ताल पूरी होने के बाद इन पर उच्चस्तरीय कमेटी विचार करेगी। मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली कमेटी के फैसले के बाद तबादलों की आगे की तस्वीर साफ होगी।
विस्तार
शिक्षा विभाग में तबादला एक्ट की धारा-27 के तहत तबादलों के लिए बड़ी संख्या में शिक्षकों ने आवेदन किए हैं। अब तक तीन हजार से अधिक शिक्षक स्थानांतरण के लिए आवेदन कर चुके हैं। विभाग में आवेदनों और उनके साथ लगाए गए दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया चल रही है।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक सभी आवेदनों के साथ लगे दस्तावेजों का संकलन और परीक्षण करने के बाद उन्हें मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित कमेटी के सामने रखा जाएगा। कमेटी आवेदनों पर विचार कर तबादलों को लेकर आगे की प्रक्रिया तय करेगी।
सामान्य संवर्ग में 766 और महिला संवर्ग में 76 आवेदन
क्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक तबादलों के लिए प्रवक्ता संवर्ग में कुल 309 आवेदन मिले हैं। इसमें विभिन्न श्रेणी सामान्य संवर्ग में 284 और महिला संवर्ग में 25 आवेदन हैं। जबकि गढ़वाल मंडल से सहायक अध्यापक एलटी संवर्ग में 842 आवेदन मिले हैं। इसमें सामान्य संवर्ग में 766 और महिला संवर्ग में 76 आवेदन हैं। सहायक अध्यापक एलटी में कुमाऊं मंडल से गढ़वाल मंडल की तुलना में अधिक शिक्षकों ने धारा 27 के तहत तबादलों के लिए आवेदन किए हैं। इसमें कुमाऊं मंडल के 1116 शिक्षकों ने तबादलों के लिए आवेदन किया है।
इसमें सामान्य संवर्ग में 1007 और महिला संवर्ग 109 शिक्षकों ने तबादलों के लिए आवेदन किया है। इसके अलावा बेसिक शिक्षा में एक हजार से अधिक शिक्षकों ने आवेदन किए हैं। राजकीय शिक्षक संघ के पूर्व प्रांतीय महामंत्री रमेश पैन्यूली के मुताबिक कई शिक्षक गंभीर बीमार हैं, इन शिक्षकों को तबादलों का लाभ मिलना चाहिए।
ये भी पढ़ें...भरत चौधरी और हरक सिंह में जुबानी जंग: रुद्रप्रयाग से चुनाव लड़ने की चुनौती, आमने-सामने आए दोनों नेता
शिक्षा विभाग में पिछले चार से पांच साल से धारा-27 के तहत शिक्षकों से तबादलों के लिए आवेदन मांगे गए, लेकिन तबादले नहीं किए। अब चुनाव आचार संहिता लगने वाली है, शासन इससे पहले तबादला सूची जारी करे। -विनोद थापा, प्रांतीय अध्यक्ष जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ
