उत्तराखंड: इस महीने से तेज होगी चुनाव की कसरत, जनगणना भी होगी शुरू, 12 नवंबर को जारी होगा मतदाता सूची ड्राफ्ट
प्रदेश में नवंबर के महीने एक ओर मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, वहीं दूसरी ओर जनगणना के लिए लोग घर बैठे अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
विस्तार
प्रदेश में इस महीने दो बड़े काम होने जा रहे हैं। पहला तो चुनाव आयोग अपनी चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू करेगा तो दूसरी ओर जनगणना के तहत 16 नवंबर से डिजिटल स्व-गणना शुरू होगी।
12 नवंबर से छूटे हुए मतदाता बनवाएं अपना वोट
अगर चुनाव आयोग को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान किसी का वोट कट गया है या 18 की आयु पूरी न होने की वजह से अभी तक वोट नहीं बना है तो 12 नवंबर से प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) शुरू होने जा रहा है। इसके तहत आप अपना नया वोट बनवाने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। अपने वोट में कोई भी त्रुटि सुधार करा सकते हैं।
अपनी विधानसभा क्षेत्र या शहर में कोई बदलाव हुआ है तो वह भी सुधार करा सकते हैं। इसके लिए 12 नवंबर को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी। इसके साथ ही यह अभियान शुरू हो जाएगा। पात्र नागरिक 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि कि पहली अप्रैल, पहली जुलाई या पहली अक्तूबर को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। मतदाताओं के पंजीकरण में सहायता के लिए जिला स्तर पर सहायता केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से विशेष रूप से प्रवासी, कमजोर और वंचित वर्गों के लोगों को मदद दी जाएगी। अगले साल चार जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
16 से अपनी जनगणना खुद करें
16 नवंबर से आप अपनी जनगणना खुद कर सकते हैं। निदेशक जनगणना इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक डिजिटल स्व-गणना के तहत ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से खुद अपनी और परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद घर-घर जाकर जनगणना प्रदेश भर में एक दिसंबर से अगले साल चार जनवरी तक होगी। यह देश की पहली डिजिटल जनगणना है, जिसमें मोबाइल ऐप और डिजिटल उपकरणों के जरिए डेटा जुटाया जा रहा है।
ये भी पढे़ं...जेनी प्रकरण: हरक पर हमलावर हुई भाजपा, महेंद्र भट्ट ने कहा- बच्चे का पिता कौन है, यह सार्वजनिक हो
इस बार प्रश्नावली में प्रश्नों की संख्या 33 से बढ़ाकर 40 कर दी गई है। उन्होंने बताया कि बाकी राज्यों में जनगणना के लिए जारी हुई नवीन अधिसूचना के कारण उत्तराखंड की जनगणना को लेकर कुछ भ्रांतियां हो गई हैं। लेकिन उत्तराखंड समेत चार राज्यों की अधिसूचना पूर्व में जारी हो चुकी है। उसी के मुताबिक यह जनगणना हो रही है। उन्होंने ये भी कहा कि जनगणना संबंधी किसी कार्यक्रम में कोई भी बदलाव नहीं हुआ है। न ही जनगणना स्थगित हुई है। लिहाजा, सभी नागरिक तय कार्यक्रम के हिसाब से जनगणना में सहयोग करें।