दिल्ली थप्पड़ कांड: अरविंद केजरीवाल बोले- यह किसी के पिता जी का देश नहीं, आप ऐसे किसी को थप्पड़ नहीं मार सकते
अरविंद केजरीवाल ने तिलक नगर में सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले बनी सड़क हाथ से उखड़ रही है। केजरीवाल ने दावा किया कि इसमें बहुत भ्रष्टाचार हुआ है।
विस्तार
दिल्ली थप्पड़ कांड को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) लगातार दिल्ली के उप मुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा और भाजपा पर हमलावर है। सोमवार को दिल्ली आप अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, आप विधायकों और पार्षदों के साथ विकासपुरी थाने पहुंचे और उन्होंने दिल्ली सरकार में मंत्री परवेश वर्मा के खिलाफ एफआईआर की मांग की। वहीं, आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, यह किसी के पिता जी का देश नहीं है, आप ऐसे किसी को भी थप्पड़ नहीं मार सकते।
अरविंद केजरीवाल पत्रकारों के सामने थप्पड़ कांड के पीड़ित युवक को लेकर आए। उन्होंने कहा, 'यह जो सड़क कुछ दिन पहले बनी हुई है, यह हाथ से उखड़ रही है। इस तरह की सड़क हमने आज तक दिल्ली में बनते नहीं देखी। देश के दूर-दराज के गांव के इलाकों में ऐसी सड़कें बनने के बारे में सुनते थे। दिल्ली देश की राजधानी है, हमने भी यहां दस साल सरकार चलाई है। हमारी सरकार में जो सड़कें बनती थीं, उनकी पांच-पांच साल गारंटी रहती थी। जाहिर तौर पर इसकी छानबीन होने चाहिए कि पैसा कहां तक गया है। दुख की बात यह है कि कल जब मंत्री प्रवेश वर्मा सड़क का मुआयना करने आए, तब उनके सामने लोगों ने जब सड़क की खराब गुणवत्ता दिखाई तो उन्होंने साहिब सिंह नाम के युवा को खींचकर थप्पड़ मारा। यह किसी के पिता जी का देश नहीं है, आप ऐसे किसी को भी थप्पड़ नहीं मार सकते।' इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी को लेकर भी विवादित बयान दिया।
पूरी सड़क हाथ से उखड़ रही है। आज तक दिल्ली में ऐसी घटिया सड़क नहीं बनी। कल इसी भ्रष्टाचार का वीडियो बनाने पर मंत्री प्रवेश वर्मा ने बौखला कर एक लड़के को थप्पड़ मारा।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) September 28, 2026
तुम Gen Z को थप्पड़ मारोगे और Gen Z तुम्हारा साथ देगा? हमारी मांग है प्रवेश वर्मा को बर्खास्त करो, माफी मांगो, और… pic.twitter.com/f381WF1rCy
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर की यह पोस्ट
अरविंद केजरीवाल ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, 'पूरी सड़क हाथ से उखड़ रही है। आज तक दिल्ली में ऐसी घटिया सड़क नहीं बनी। कल इसी भ्रष्टाचार का वीडियो बनाने पर मंत्री प्रवेश वर्मा ने बौखला कर एक लड़के को थप्पड़ मारा। तुम जेन-जी को थप्पड़ मारोगे और जेन-जी तुम्हारा साथ देगा? हमारी मांग है प्रवेश वर्मा को बर्खास्त करो, माफी मांगो, और भ्रष्टाचार करने वालों को जेल भेजो।'
क्या है दिल्ली का थप्पड़ कांड
आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें दिल्ली सरकार में उप मुख्यमंत्री एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा सड़क निर्माण में कथित भ्रष्टाचार पर सवाल पूछ रहे एक युवक को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद दिल्ली की सियासत गरमा गई है। इसके बाद से आप नेता भाजपा पर लगातार हमलावर हैं।