{"_id":"6a1458d3fcbeaef4f70b836a","slug":"delhi-is-burning-hot-the-sun-is-glaring-at-us-during-the-day-and-the-nights-are-adding-to-the-heat-delhi-ncr-news-c-340-1-del1011-137947-2026-05-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi NCR News: तप रही दिल्ली... दिन में सूरज तरेर रहा आंखें, रातें तपिश का बोझ बढ़ा रहीं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi NCR News: तप रही दिल्ली... दिन में सूरज तरेर रहा आंखें, रातें तपिश का बोझ बढ़ा रहीं
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
14 साल में मई की सबसे गर्म रात रही रविवार, अब पश्चिमी विक्षोभ से राहत की उम्मीद
-आखिरी बार इसी माह में सबसे गर्म रात 26 मई 2012 को दर्ज की गई थी
-तब न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री दर्ज किया गया था
-26 और 27 मई को भीषण लू व गर्मी का यलो अलर्ट जारी
-28 मई को पश्चिमी विक्षोभ देगा दस्तक, दो दिन बारिश का यलो अलर्ट जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
राजधानी दिल्ली इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है।
सूरज दिन में आंखें तरेर कर कहर बरपा रहा है तो रातें भी राहत देने के बजाय तपिश का बोझ बढ़ा रही हैं। हालात ऐसे हैं कि दिन तो क्या, अब रातों की नींद भी गर्मी ने छीन ली है। रविवार की रात बीते करीब 14 वर्षों में मई महीने की सबसे गर्म रात के रूप में दर्ज हुई।
सोमवार को भी मौसम ने कोई राहत नहीं दी। आसमान से जैसे आग बरसती रही। दिनभर लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल रखा। दिल्ली के अधिकांश इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। लगातार दसवें दिन पारा 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
हवा में नमी भी लोगों की परेशानी बढ़ाती रही। अधिकतम आर्द्रता 44 प्रतिशत और न्यूनतम 16 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, सफदरजंग और लोदी रोड उन स्टेशनों में शामिल रहे, जहां रात का मौसम सबसे अधिक गर्म रहा। दिल्लीवासी बारिश का इंतजार करते रहे। मौसम विभाग ने बारिश का यलो अलर्ट भी जारी किया था, लेकिन खबर लिखे जाने तक बूंदें नहीं बरसीं।
Trending Videos
आज और कल भी जारी रहेगा लू का प्रकोप
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, फिलहाल राहत के आसार कम हैं। 26 और 27 मई के लिए भीषण गर्मी और लू का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन दो दिनों में आसमान ज्यादातर साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 29 से 32 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। इस दौरान सतही हवाएं भी तेज चलेंगी। हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। कुछ स्थानों पर इसके झोंके 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं।
28 मई से बदल सकता है मौसम का मिजाज
तपिश से जूझ रही दिल्ली को 28 मई के बाद कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसका असर 28 से 31 मई के बीच दिख सकता है।
-28 और 29 मई को आंशिक बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है। गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इनकी गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जबकि कुछ झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं।
-30 और 31 मई तक मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रह सकता है। तापमान 34 से 37 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही से तपती दिल्ली को राहत मिलने के आसार हैं।
26 मई 2012 को 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था न्यूनतम तापमान
रविवार रात न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 5.7 डिग्री अधिक रहा। इससे पहले 26 मई 2012 को मई की सबसे गर्म रात दर्ज की गई थी। उस दिन न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। इसी महीने 21 मई को भी 31.9 डिग्री तापमान के साथ बेहद गर्म रात महसूस की गई थी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 'गर्म रात' तब घोषित की जाती है, जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक हो और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री ज्यादा दर्ज हो।
ऐसे घट-बढ़ रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
15 मई 39.8 26.2
16 मई 40.8 24.8
17 मई 41.9 25.9
18 मई 43.4 26.3
19 मई 45.1 28.2
20 मई 44.5 28.3
21 मई 41.7 31.9
22 मई 43.3 29.3
23 मई 41.1 28.4
24 मई 43.6 28.7
25 मई 43.5 32.4