सब्सक्राइब करें

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Delhi Road Accident News Two Cousins Killed While Returning to Home

ट्रक ने रौंद दिए 'चिराग': आधे घंटे की थी दूरी, अब जिंदगी भर का बना फासला; फोन पर पापा से कहे थे ये अखिरी शब्द

अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली Published by: Sharukh Khan Updated Wed, 29 Apr 2026 03:09 PM IST
विज्ञापन
सार

दिल्ली के अति सुरक्षित इलाके संसद मार्ग में सोमवार रात भीषण सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों भाई आईपीएल मैच देखकर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। 

Delhi Road Accident News Two Cousins Killed While Returning to Home
Delhi Road Accident - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

पापा, बस आधे घंटे में पहुंच रहे हैं फोन पर बोले गए ये शब्द अब एक अधूरी आवाज बनकर रह गए हैं। कुछ ही सेकंड बाद आई तेज टक्कर की आवाज ने दो भाइयों के सपनों के साथ दो घरों की उम्मीद भी छीन ली। अशोक नगर के भाटिया परिवार में सोमवार रात का इंतजार कभी खत्म नहीं हुआ।    
Trending Videos


आईपीएल मैच देखने गए यज्ञ और अभव घर लौट रहे थे, लेकिन उससे पहले ही सड़क पर सब कुछ खत्म हो गया। दोनों चचेरे भाई अपने-अपने पिता की इकलौती संतान थे। यज्ञ भाटिया, चांदनी चौक में ड्राई फ्रूट का कारोबार करने वाले शैलेंद्र भाटिया का बेटा था, जबकि अभव भाटिया के पिता सुमित भाटिया भी इसी कारोबार से जुड़े हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन


हादसे के बाद दोनों घरों में सन्नाटा भी है और अपनों की चीख-पुकार भी थमने का नाम नहीं ले रही। यज्ञ सिर्फ एक छात्र नहीं, एक उभरता हुआ क्रिकेटर भी था। तेज गेंदबाजी उसका जुनून बन चुकी थी। इसी रुचि को देखते हुए पिता ने उसका दाखिला क्रिकेटर विराट कोहली के पूर्व कोच राजकुमार शर्मा की अकादमी में कराया, जहां उसे पेशेवर प्रशिक्षण मिला। परिवार को भरोसा था कि वह आगे बड़ी पहचान बनाएगा। 

स्वजन के अनुसार, वह नेट प्रैक्टिस में सक्रिय रहता और दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े खिलाड़ियों के साथ अभ्यास का अनुभव भी ले चुका था। वहीं दूसरी तरफ, उसकी पहचान सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रही। गिटार बजाने में भी उसकी खास रुचि थी। 

 

मंच पर आते ही माहौल बदल जाता, कॉलेज फेस्ट में उसकी प्रस्तुति का इंतजार रहता। स्वजन भावुक होकर कहते हैं, मैदान और मंच दोनों जगह अपनी अलग पहचान बना चुका यह युवा अचानक खामोश हो गया। भारी मन से यह बात भी सामने आ रही है कि अगर दोनों ने हेलमेट पहना होता, तो शायद यह हादसा जानलेवा नहीं बनता।
 

जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं
अभव भाटिया, चांदनी चौक में ड्राई फ्रूट कारोबारी सुमित भाटिया का इकलौता बेटा था। पढ़ाई में तेज और स्वभाव से बेहद सरल, अभव घर का सबसे लाडला था। छोटी-छोटी बातों में खुशी ढूंढ लेना उसकी आदत थी, इसी वजह से परिवार में हर कोई उससे खास लगाव रखता था। तीन दिन बाद उसका 15वां जन्मदिन आने वाला था और घर में इसे लेकर उत्साह का माहौल था। 

 

परिवार ने जन्मदिन के लिए भव्य आयोजन की तैयारी शुरू की थी। पिता ने उसके लिए पहले ही एक नया क्रिकेट बैट खरीदा था, जिसे जन्मदिन पर सरप्राइज के तौर पर देने की योजना थी। लेकिन अब वही घर, जहां जश्न की तैयारी थी, वहां मातम पसरा है।

आईपीएल मैच देख बाइक से घर लौट रहे दो भाइयों को संसद मार्ग पर ट्रक ने रौंदा
राजधानी के अति सुरक्षित इलाके संसद मार्ग में सोमवार रात भीषण सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों 20 वर्षीय यज्ञ भाटिया और 14 वर्षीय अभव भाटिया (नाबालिग) की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों भाई आईपीएल मैच देखकर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। 

 

ट्रक उन्हें रौंदता हुआ फरार हो गया। संसद मार्ग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर भागे हुए चालक की तलाश तेज की, बाद में ट्रक को बरामद किया है। नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि हादसा सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे अशोक रोड स्थित महादेव रोड टी-पॉइंट के पास पीएनबी कॉम्प्लेक्स के सामने हुआ। 

 

मृतक दोनों चचेरे भाई थे। मामले में संसद मार्ग थाना पुलिस ने हिट एंड रन की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ट्रक को यमुनापार से बरामद किया है। घटना की सूचना रात करीब 11 बजे पीसीआर कॉल के जरिए मिली। दोनों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया।
 

हेलमेट नहीं पहना था
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम आरएमएल अस्पताल के शवगृह में कराया गया। जांच में पता चला कि दोनों भाई बिना हेलमेट के बुलेट बाइक से घर जा रहे थे। हादसे के समय पीछे बैठे अभव अपने पिता से फोन पर 30 मिनट में घर पहुंचने की बात कह रहे थे। 

 

इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। इसके बाद ट्रक दोनों को रौंदता हुआ फरार हो गया।

 

सीसीटीवी फुटेज से हादसे की कड़ियों को जोड़ा जा रहा
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया। प्रारंभिक जांच के बाद हिट एंड रन का मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर हादसे की पूरी कड़ी जोड़ा जाएगा।
 

ट्रक बरामद किया गया
दूसरी ओर आरोपी ट्रक को यमुनापार से बरामद किया है। पता चला है कि ट्रक पर मलबा भरा हुआ था। आरोपी चालक ने ट्रक को मालिक के यहां छोड़कर फरार हुआ है। फिलहाल पुलिस की कई टिमें आरोपी चालक की तलाश कर रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed