गले में फंदा, घुटने थे बेड पर: आलीशान कोठी में महिमा की रहस्यमयी मौत, आखिरी कॉल बना जांच की सबसे बड़ी कड़ी
महिमा का परिवार उसकी शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। दो महीने पहले ही उसकी सगाई की गई थी। घटना से ठीक पहले महिमा ने फोन पर मंगेतर से क्या बात की और वह क्यों रो रही थी, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के फरीदाबाद सेक्टर-14 स्थित एक कपड़े के कारोबारी की कोठी में काम करने वाली 15 वर्षीय घरेलू सहायिका महिमा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला है। घटना से ठीक पहले किशोरी ने अपने मंगेतर को फोन किया था और वह रो रही थी। मंगेतर ने तुरंत अपने ससुराल (महिमा के परिजनों) को फोन कर कहा कि जल्दी कोठी पर जाओ, महिमा रो रही है। जब परिजन बदहवास हालत में पहुंचे, तो किशोरी फंदे पर लटकी मिली।
यूपी के हरदोई की रहने वाली थी महिमा
मूलरूप से यूपी के हरदोई की रहने वाली और बीपीटीपी पुल के पास झुग्गियों में रहने वाली कुसुमलता ने बताया कि वह लंबे समय से सेक्टर-14 के घरों में काम करती हैं। उनकी बेटी महिमा (15) पिछले करीब चार महीने से मकान नंबर 29 (कपड़ा कारोबारी की तीन मंजिला कोठी) में घरेलू सहायिका के तौर पर 24 घंटे रहकर काम कर रही थी। उसे रहने के लिए तीसरी मंजिल पर कमरा दिया गया था।
गले में था, बिस्तर से सटा हुआ था घुटना
रविवार को महिमा अपने घर आई हुई थी और शाम करीब चार बजे उसका भाई उसे बाइक से वापस कोठी छोड़कर गया था। परिजनों के मुताबिक, शाम को महिमा ने अपने मंगेतर को फोन किया और वह रो रही थी। घबराए मंगेतर ने तुरंत महिमा के परिवार को फोन कर कोठी पहुंचने को कहा। जब मां और अन्य परिजन पहुंचे तो महिमा के गले में फंदा लगा हुआ था, लेकिन उसके घुटने बिस्तर से सटे हुए थे। परिजनों ने तुरंत फंदा काटकर उसे बेड पर लिटाया और पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने मकान मालिक और उनकी पत्नी पर जताया हत्या का शक
महिमा की मां कुसुमलता और परिजनों ने आरोप लगाया है कि महिमा की हत्या की गई है और उन्हें मकान मालिक व उनकी पत्नी पर शक है। परिजनों का कहना है कि महिमा के गले में फंदा लगे होने के बावजूद बेड पर घुटनों के बल टिकी हुई थी, जो हत्या की ओर इशारा करता है। वहीं पुलिस का कहना है कि जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक परिजनों ने शव को फंदे से नीचे उतारकर बेड पर लिटा दिया था। कोठी में महिमा के अलावा एक अन्य घरेलू सहायिका भी काम करती है। घटना के समय मकान मालिक परिवार सहित बाहर बताए जा रहे हैं।
फोन पर क्या हुई बात? पुलिस ने कब्जे में लिया मोबाइल
महिमा का परिवार उसकी शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। दो महीने पहले ही उसकी सगाई की गई थी। घटना से ठीक पहले महिमा ने फोन पर मंगेतर से क्या बात की और वह क्यों रो रही थी, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। परिजनों को भी बातचीत की पूरी जानकारी नहीं है। पुलिस ने सबूत के तौर पर किशोरी का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड और फोन की फॉरेंसिक जांच से मौत के कारणों का अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंचे और साक्ष्य एकत्र किए। शव को बीके नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया, जहां से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।