हरियाणा: बेरोजगार युवाओं को हर महीने मिलेंगे 1200 से 2000 रुपये, आवेदन शुरू; 30 नवंबर तक मौका
सहायक रोजगार अधिकारी डॉ. नेहा सिंह ने बताया कि योजना का उद्देश्य शिक्षित बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना और उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। आवेदन प्रक्रिया एक नवंबर से शुरू हो चुकी है।
विस्तार
हरियाणा सरकार की शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए बेरोजगारी भत्ता योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। योजना के तहत 12वीं पास युवाओं को 1200 रुपये और स्नातक या इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवाओं को 2000 रुपये प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। इच्छुक और पात्र युवा 30 नवंबर 2026 तक रोजगार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
लाभ लेने के लिए हरियाणा का मूल निवासी होना अनिवार्य
सहायक रोजगार अधिकारी डॉ. नेहा सिंह ने बताया कि योजना का उद्देश्य शिक्षित बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना और उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। आवेदन प्रक्रिया एक नवंबर से शुरू हो चुकी है। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का हरियाणा का मूल निवासी होना जरूरी है। साथ ही उसकी आयु 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
योजना का लाभ पाने की सरकार ने रखी हैं ये शर्तें
उन्होंने बताया कि आवेदक का किसी रोजगार कार्यालय में प्रत्येक वर्ष एक नवंबर तक लगातार कम से कम तीन साल से पंजीकरण होना चाहिए। परिवार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय तीन लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। परिवार के पास 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य की आवासीय या व्यावसायिक संपत्ति व दो हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि भी नहीं होनी चाहिए।
आप कहां और कैसे करें आवेदन?
योजना के लिए आवेदन करने वाला युवा किसी संस्थान में प्रशिक्षु, नौकरीपेशा या स्वरोजगार में नहीं होना चाहिए। इसके अलावा वह सक्षम युवा योजना में पंजीकृत नहीं होना चाहिए। सरकारी सेवा से बर्खास्त कर्मचारी और निर्धारित गंभीर अपराध में दोषी ठहराए गए व्यक्ति भी पात्र नहीं होंगे। पात्र युवा विभाग की वेबसाइट [https://hrex.gov.in](https://hrex.gov.in) पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने युवाओं से अंतिम तिथि से पहले आवेदन करने और सभी पात्रता शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की अपील की है।