सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Faridabad News ›   Tsunami swing collapses at Surajkund fair, 13 injured, rescue inspector dies

Faridabad News: सूरजकुंड मेले में सुनामी झूला टूटा 13 घायल, बचाव में जुटे निरीक्षक की मौत

Noida Bureau नोएडा ब्यूरो
Updated Sun, 08 Feb 2026 02:09 AM IST
विज्ञापन
Tsunami swing collapses at Surajkund fair, 13 injured, rescue inspector dies
फरीदाबाद सूरजकुंड मेला में इसी झूले के टूटने से कुछ लोग घायल हुए। संवाद।
विज्ञापन
- झूला दो बार गिरा, राहत-बचाव के लिए सड़कें बंद कर किया गया ट्रैफिक डायवर्ट
Trending Videos

- 9 लोगों को निजी अस्पताल और चार को सिविल अस्पताल में करवाया गया भर्ती
- झूले पर सवार थे 15 से अधिक लोग, बचाव के लिए भी झूले पर चढ़ गए थे कुछ लोग दोबारा झूला टूटने में हुए घायल

अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले के झूला ग्राउंड में शनिवार शाम करीब सवा छह बजे नाव नुमा सुनामी झूला एक तरफ से टूटकर गिर गया। झूले पर 15 से अधिक लोग सवार थे। हादसे में 13 लोग घायल हो गए जबकि बचाव कार्य के दौरान पलवल पुलिस लाइन में तैनात 27वीं एचएपी के निरीक्षक जगदीश प्रसाद की मौत हो गई। घटना के बाद मेले में कुछ देर के लिए दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झूला ऊपर-नीचे चल रहा था तभी एक तरफ का हिस्सा टूटकर जमीन पर गिर पड़ा। इससे झूले में बैठे लोग घबराकर नीचे उतरने की कोशिश करने लगे। इस दाैरान आसपास खड़े लोग मदद के लिए दौड़े। मौके पर मौजूद सुरक्षा बल भी तुरंत सक्रिय हो गया। इसी दौरान झूला दूसरी बार टूटकर गिर गया। इसकी चपेट में कई लोग आ गए जिनमें निरीक्षक जगदीश के चेहरे और सिर पर गंभीर चोट आई। इससे उनकी मौत हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिस ने अस्पताल जाने वाली सड़क को अस्थायी रूप से बंद कर यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट कर दिया। अस्पताल परिसर में भी भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया ताकि भीड़ नियंत्रित रहे।

यह लोग हुए घायल
हादसे में 13 घायलों में सहायक उपनिरीक्षक नीलय निवासी बादशाहपुर, महेंद्रगढ़ जिले के आरोहा निवासी सुनील, ग्रेटर नोएडा के निवासी हर्ष प्रकाश, राजस्थान के धौलपुर जिले के दूबेपुर थाना क्षेत्र निवासी प्रशांत, फरीदाबाद पार्ट-2 की अनिशा (पुत्री जितेंद्र), नोएडा सेक्टर-78 स्थित विरोना टावर निवासी शिवानी (पुत्री रमेश) तथा परविंदर शामिल हैं। इनमें से 9 लोगों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि 4 घायलों को बीके जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उपायुक्त ने कहा कि मामले में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही बरतने वालों पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। झूले के वेंडर और सुरक्षा मानकों की जांच के लिए पहले से गठित जांच समिति रोजाना निरीक्षण कर रही थी। उन्होंने बताया कि झूला टूटने के बाद निरीक्षक जगदीश ने लोगों को बचाने के लिए बहादुरी से प्रयास किया लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गए जिससे उनकी जान चली गई।

स्थानीय दुकानदार राघव ने बताया कि बचाव कार्य के दौरान उनके ऊपर भी लोहे की ग्रील गिर गई जिससे उनके कंधे में चोट लगी। उन्होंने करीब सात लोगों को बचाने में मदद की जबकि बाकी लोगों को पुलिस ने बाहर निकाला।


बचाव के लिए आए लोग ही हुए घायल

हादसे के बाद झूले से लोगों को उतारने व बचाव के लिए आस-पास मौजूद पुलिसकर्मी, स्टॉल संचालक व अन्य लोग पहुंचे। सभी लोग बचाव कार्य में लगे ही थे कि झूला पूरी तरह से नीचे गिरा जिससे कई लोगों को चोट लगी। मृतक निरीक्षक के अलावा घायलों में दो पुलिसकर्मी व कई आस-पास की स्टॉल पर काम करने वाले लोग हैं।



आरोपियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
हादसे के बाद पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता भी मेला परिसर के अलावा अस्पताल पहुंचे। पुलिस आयुक्त ने यहां घायलों और उनके परिवार वालों से बात की। पुलिस आयुक्त ने उन्हें भरोसा दिया कि हर संभव मदद की जाएगी और जांच कर आरोपियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा के पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मेला परिसर के झूला क्षेत्र में एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ। पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। हमारी सबकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed