भगवान किसी को न दे ऐसा मामा: चार साल की भांजी संग दुष्कर्म, दरिंदगी के बाद ले ली जान; कार के नीचे फेंकी लाश
बच्ची से हैवानियत की बात सामने आने के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश है। परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी कठोर कार्रवाई की मांग की है। यहां तक कि स्थानीय महिलाओं ने तो मुख्यमंत्री से न्याय की अपील करते हुए जल्द व सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं बच्ची के ताऊ व अन्य परिवार वालों ने आरोपी के एनकाउंटर की मांग की है।
विस्तार
यूपी के गाजियाबाद स्थित टीला मोड़ थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में सगे मामा ने चार वर्षीय भांजी की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को अपने घर से करीब एक किलोमीटर दूर शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में 80 फुटा मार्ग पर एक कार के नीचे फेंककर भाग गया। बच्ची के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो, हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
एक महीन पहले ही आया था बहन के घर
दर्ज मामले में बच्ची के पिता ने बताया कि उनका साला घर से करीब एक किमी दूर किराये पर कमरा लेकर रहता है। करीब एक माह पहले ही वह अपने घर से यहां रहने के लिए आया था। बताया कि 11 अप्रैल की दोपहर करीब 12 बजे उनकी चार वर्षीय बेटी घर के बाहर बैठकर आइसक्रीम खा रही थी। तभी उनका साला वहां पहुंचा और चीज दिलाने का लालच देकर अपने कमरे पर ले गया।
कार के नीचे मिली बच्ची की लाश
शाम तक बेटी का जब कुछ भी पता नहीं चला तब उन्होंने परिवार में अन्य सदस्यों से पूछा लेकिन किसी कोई जानकारी नहीं थी। खोजबीन शुरू हुई तब स्थानीय लोगों ने बच्ची को उसके मामा के साथ जाते हुए देखने की बात कही। जब वह साले के कमरे पर पहुंचे तब वह वहां नहीं था। उन्होंने पुलिस से शिकायत की। वहीं रात करीब आठ बजे बच्ची का शव शालीमार गार्डन के 80 फुटा मार्ग पर खड़ी कार के नीचे मिली। 12 अप्रैल को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा।
हैवानियत की खबर सुन बेसुध मां
बेटी के साथ हुई हैवानियत का पता चलने के बाद से मां बेसुध है और पिता भी सदमे में हैं। बच्ची तीन भाई-बहन में दूसरे नंबर की थी। मासूम के ताऊ ने बताया कि पुलिस को सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिली है जिसमें आरोपी बच्ची को कंधे पर उठाकर ले जाता दिख रहा है।
घर से सभी के जाने का उठाया फायदा
बच्ची का परिवार एक मंजिला मकान में रहता है। भूतल पर बच्ची के ताऊ व उनका परिवार रहता है। वहीं पहली मंजिल पर बच्ची के माता-पिता व भाई-बहन रहते हैं। शनिवार को मासूम के घर में कोई नहीं था। उसके पिता मजदूरी करने गए थे। ताऊ का परिवार भी घर में नहीं था। बच्ची पहली मंजिल से नीचे उतरकर आई और दरवाजे पर बैठकर आइसक्रीम खा रही थी। तभी आरोपी ने उसके अकेले होने का फायदा उठाया और ले जाकर घिनौनी वारदात को अंजाम दे डाला।
घर और ससुराल से झगड़े के बाद आया था आरोपी
चार वर्षीय भांजी से दरिंदगी कर मौत के घाट उतारने वाला आरोपी करीब एक माह पहले ही गाजियाबाद में रहने के लिए आया था। बच्ची के ताऊ ने बताया कि आरोपी की शादी हो चुकी है। वह नशे का आदी है और इसकी वजह से उसके परिवार वाले भी मतलब नहीं रखते। कुछ समय पहले ही उसकी शादी हुई थी लेकिन वह ससुराल वालों से भी झगड़ा कर चुका है और उनसे भी नहीं बनती। करीब एक माह पहले काम करने के लिए वह अपने बहनोई के घर रहने आया था। नशे की आदत के चलते बच्ची के पिता ने उसे अपने घर रखने से मना कर दिया तब वह कमरा लेकर अलग रहने लगा।
परिजनों ने की एनकाउंटर की मांग
बच्ची से हैवानियत की बात सामने आने के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश है। परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी कठोर कार्रवाई की मांग की है। यहां तक कि स्थानीय महिलाओं ने तो मुख्यमंत्री से न्याय की अपील करते हुए जल्द व सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं बच्ची के ताऊ व अन्य परिवार वालों ने आरोपी के एनकाउंटर की मांग की है।
मामले में बीएनएस की धारा 103 (1), 238, 65 (2) पॉक्सो एक्ट की धारा 5 व 6 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश में दो टीमें काम कर रही हैं। जल्द ही गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अन्य बातों की पुष्टि होगी। -अतुल कुमार सिंह, एसीपी शालीमार गार्डन