UP: प्रेमी के परिजनों की प्रताड़ना और पंचायत में अपमान से आहत युवती ने लगाई फांसी, परिजनों ने किया हंगामा
24 वर्षीय युवती ने प्रेमी के परिजनों की प्रताड़ना व पंचायत में अपमान से आहत होकर आत्महत्या की। शव मिलने पर लोगों ने थाने जाने का प्रयास किया, पुलिस से झड़प हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजियाबाद के मोदीनगर की एक कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय युवती का शव मंगलवार रात कमरे में फंदे से लटका मिला। आरोप है कि प्रेमी के परिजनों की प्रताड़ना और पंचायत में हुए अपमान से आहत युवती ने बिजली के केबल से फंदा लगाकर जान दे दी। बुधवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो लोगों में गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोग शव थाने लेकर जाने लगे तभी पुलिस ने उन्हें घर के बाहर रोक लिया। थाने जाने को लेकर आक्रोशित लोगों और पुलिस में धक्का मुक्की भी हुई। लगभग एक घंटें तक हंगामा चलता रहा। एसएचओ ने किसी तरह समझाकर लोगों को शांत कराया।
एक व्यक्ति अपनी 24 वर्षीय पुत्री और पुत्र सहित नगर की एक कॉलोनी में किराए पर रहते हैं। व्यक्ति और उनका पुत्र गाड़ी चलाते हैं। बताया कि मंगलवार को पिता पुत्र दोनों काम पर चले गए। रात करीब दस बजे लौटे तो घर का दरवाजा बंद मिला। परिजन पड़ोसी की छत से घर में दाखिल हुए तो वहां युवती बिजली के केबल से फंदे पर झूलती मिली। युवती को सीएससी ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार शाम करीब सात बजे युवती का शव घर पहुंचा तो लोगों में गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर शव मोदीनगर थाने ले जाने लगे। पुलिस ने उन्हें घर के बाहर ही रोक लिया। पुलिस और लोगों की बीच धक्का मुक्की हो गई।
प्रेमी के परिजनों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
युवती के भाई ने आरोप लगाया कि एक युवक ने उसकी बहन को प्रेमजाल में फंसाया हुआ था। आरोपी ने युवती को शादी का झांसा देकर संबंध बनाए और शादी के बहाने उसके सारे गहने हड़प लिए। आरोपी शादी की बात करने पर युवती को टालता रहा। चार दिन पूर्व युवक अचानक लापता हो गया था। युवक के लापता होने पर उसके परिजनों ने युवती के घर पहुंचकर उसे बुरी तरह प्रताड़ित किया और युवक के अपहरण में जेल भिजवाने की धमकी दी।
आरोपी युवक के परिजनों ने इसके एक दिन बाद युवती की कॉलोनी में पंचायत की। आरोप है कि पंचायत में युवती को बहुत अपमानित किया गया। युवती अपमान सह न सकी और अगले दिन बिजली के केबल से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों ने आरोपी युवक और उसके परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। लगभग एक घंटें तक हंगामा चलता रहा। लोगों के आक्रोश को देखते हुए सभी चौकी से पुलिस बल बुला लिया गया। करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। एसएचओ आनंद प्रकाश मिश्रा ने किसी तरह आक्रोशित लोगों को शांत कराया।
आरोपी युवक को चोरी के मामले में उठा ले गई थी कविनगर पुलिस
युवती के भाई ने बताया कि आरोपी युवक चार दिन पहले अचानक लापता हो गया। आरोपी युवक को कविनगर पुलिस चोरी के एक मामले में पूछताछ के लिए उठा ले गई थी। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को छोड़ दिया। भाई का आरोप है कि सच्चाई पता होने के बावजूद आरोपी युवक के परिजनों ने शादी से बचने और गहने हड़पने के लिए युवक के लापता होने का आरोप लगाते हुए उसकी बहन को प्रताड़ित किया। आरोपियों की प्रताड़ना से आहत होकर की उसकी बहन खुदकुशी को मजबूर हुई।
पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। तहरीर प्राप्त कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। - भास्कर वर्मा,एसीपी मोदीनगर