'समझौते की कोई गुंजाइश नहीं': पति से छुटकारा पाने के लिए थाने पहुंची पत्नी, बोली- वो मेरी जान का दुश्मन
Domestic Violence: गाजियाबाद के मसूरी इलाके में एक पत्नी ने पति की प्रताड़ना से तंग आकर पुलिस आयुक्त से न्याय की गुहार लगाई है। पति से तलाक की मांग करके सुरक्षा भी मांगी है। पीड़िता ने पति के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया है।
विस्तार
वेव सिटी थाना क्षेत्र से घरेलू हिंसा और मानसिक उत्पीड़न का एक गम्भीर मामला सामने आया है। लालकुंआ के मानसरोवर पार्क कॉलोनी निवासी एक महिला ने अपने पति पर शराब के नशे में रोज मारपीट करने और घर से निकालने का आरोप लगाते हुए पुलिस आयुक्त से न्याय की गुहार लगाई है।
पति पर पत्नी ने लगाया मारपीट का आरोप
पीड़िता शीतल शर्मा ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में पति नितिन शर्मा पर गम्भीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि पति शराब के नशे में धुत होकर प्रतिदिन मारपीट और गाली-गलौच करते हैं। आरोप है कि दो साल पहले पति ने खुद को अपने पिता की संपत्ति से बेदखल करवा लिया। ताकि पत्नी को घर से निकाला जा सके।
घर में कैद कर रखा था: पत्नी
पीड़िता ने बताया कि पति ने उसके सारे गहने छीन लिए हैं, उसे फोन का उपयोग भी नहीं करने देता और घर से बाहर निकलने पर भी पाबंदी लगा रखी है। महिला ने अपनी जान को खतरा बताते हुए कहा कि अब समझौते की कोई गुंजाइश नहीं है और वह जल्द से जल्द तलाक चाहती है।
पुलिस ने कई धाराओं में मामला दर्ज किया
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि इस मामले में पुलिस आयुक्त कार्यालय के निर्देश पर वेव सिटी थाने में महिला के पति नितिन शर्मा के खिलाफ क्रूरता और मारपीट की बीएनएस धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच-पड़ताल करके वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।