दिल्ली में बड़ा हादसा: शाहदरा में भरभराकर गिरा मकान, मलबे से निकाले छह लोग, दो की मौत की खबर
शाहदरा जिले के विवेक विहार स्थित ज्वाला नगर इलाके में बड़ा हादसा हुआ है। मंगलवार को यहां एक मकान अचानक भरभराकर गिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मलबे से पांच लोगों को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विस्तार
दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार स्थित ज्वाला नगर इलाके में एक बड़ा हादसा हुआ है। मंगलवार को यहां एक मकान अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू कर दिया।
दिल्ली के ज्वाला नगर में मकान गिरने से कितने लोग घायल हुए?
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:13 बजे मकान गिरने की सूचना प्राप्त हुई। खबर मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। फिलहाल, मलबे से छह लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों में दो लोगों की मौत की खबर है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी पुष्टि होना बाकी है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
ज्वाला नगर हादसे में घायल लोगों को किस अस्पताल में भर्ती कराया गया?
स्थानीय लोगों ने पुलिस और बचाव दल के साथ मलबे से अभी तक छह लोगों को निकाला है। सभी घायलों को डॉक्टर हेडगेवार अस्पताल भेजा गया है। जहां दो लोगों की मौत बताई जा रही है। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई है।
