कल का मौसम: दिल्ली में अगले चार दिन मौसम रहेगा खुशनुमा, बरसेंगे बदरा; जानें कैसा रहेगा जून का पहला सप्ताह
मौसम विभाग के अनुसार, धूलभरी आंधी और हल्की बारिश होगी। तापमान 40 डिग्री से नीचे रहेगा। चार जून को यलो अलर्ट है। गर्मी से राहत मिलेगी। विस्तार से पढ़ें पूरा पूर्वानुमान-
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जून के पहले सप्ताह में दिल्ली पर मौसम की मेहरबानी बनी रहेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस दौरान तेज धूलभरी आंधी, हल्की बारिश, गरज-चमक जैसी मौसमी घटनाओं का दौर आता रहेगा। इससे छह जून तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे ही रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, 2 से 7 जून तक दिल्ली में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 2 से 5 जून के बीच आंशिक से लेकर घने बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने चार जून को बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है, जिनकी गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि कुछ समय पर झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। वहीं, 6 और 7 जून को मौसम अपेक्षाकृत स्थिर रहेगा, जिसमें 6 जून को आंशिक बादल और 7 जून को मुख्य रूप से साफ आसमान रहने का अनुमान है। वहीं, गर्मी के लंबे दौर के बाद पिछले चार दिन से दिल्ली में राहत बनी हुई है।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते बीच-बीच में तेज धूल भरी आंधी के साथ बौछारें पड़ी हैं। इसके चलते तापमान में खासी गिरावट आई है। पिछले दिनों हुई बारिश के चलते हवा में नमी बनी हुई है। इसके चलते तापमान में बहुत तेजी से इजाफा नहीं हुआ है। दूसरी ओर, दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में सोमवार सुबह तेज धूप रही।
सुबह से ही सूरज और बादलों के बीच लुका छिपी का खेल जारी रहा। लेकिन, फिर भी लोग गर्मी से परेशान दिखे। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। लेकिन, खबर लिखे जाने तक कहीं भी बारिश की स्थिति दर्ज नहीं की गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 36.3 और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री दर्ज हुआ। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 84 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 42 प्रतिशत रही।