मांझे ने छुआ हाईटेंशन तार और हो गया धमाका: दिल्ली में करंट लगने से युवक छत से गिरा, घर के सारे उपकरण भी फुंके
अस्पताल में दानिश की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि दानिश 50 फीसदी से अधिक झुलस गया है। दूसरी ओर करंट लगने के बाद हुए धमाके से घर के बिजली उपकरण और तार जल गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद इलाके में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पतंग उड़ा रहे एक युवक को मांझे से करंट लग गया। करंट लगने के बाद हुए जोरदार धमाके के बाद युवक पहली मंजिल से सड़क पर नीचे जा गिरा। गंभीर हालत में पीड़ित दानिश अली (25) को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सिविल लाइंस स्थित ट्रामा सेंटर भेज दिया गया।
50 फीसदी से अधिक झुलसा
अस्पताल में उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि दानिश 50 फीसदी से अधिक झुलस गया है। दूसरी ओर करंट लगने के बाद हुए धमाके से घर के बिजली उपकरण और तार जल गए। बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने घर का मुआएना कराने के बाद उसे खाली करवा लिया है। मामले की छानबीन जारी है।
दानिश करता है बिजली का काम
पुलिस के मुताबिक दानिश अपने परिवार के साथ गली नंबर-3, संगम विहार, वजीराबाद में रहता है। इसके परिवार में पत्नी रोजी के अलावा एक बच्चा है। दानिश बिजली का काम करता है। शनिवार को 15 अगस्त के मौके पर दानिश अपने मकान की पहली मंजिल स्थित छत पर चढ़कर पतंग उड़ा रहा था।
हाईटेंशन तार से टकराई दानिश की पतंग
इस बीच उसकी पतंग की डोर घर के सामने से गुजर रहे हाईटेंशन तारों से टकराई और दानिश को जोरदार करंट लग गया। करंट लगते हुए हुए धमाके के कारण दानिश का संतुलन भी बिगड़ा और वह नीचे गिर गया। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है। दानिश की पत्नी ने बताया कि कुछ ही दिनों पूर्व वह यहां किराए के मकान में शिफ्ट हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।