{"_id":"6af6d407165f302eb50bffa1","slug":"multi-level-parking-facility-opens-at-bhikaji-cama-place-inaugurated-by-the-lg-2026-11-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली: भीकाजी कामा प्लेस में 432 कारों की क्षमता वाली बहुमंजिला पार्किंग शुरू, एलजी ने किया उद्घाटन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली: भीकाजी कामा प्लेस में 432 कारों की क्षमता वाली बहुमंजिला पार्किंग शुरू, एलजी ने किया उद्घाटन
Fri, 13 Nov 2026 02:40 PM IST
Vijay Singh Pundir
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: Vijay Singh Pundir
Updated Fri, 13 Nov 2026 02:40 PM IST
सार
यह पार्किंग 6,040 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित की गई है। इसका कुल निर्मित क्षेत्र 15,449 वर्गमीटर है। डीडीए ने इसके निर्माण पर करीब 40 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। डीडीए ने एक साल के भीतर दूसरी बड़ी बहुमंजिला पार्किंग परियोजना पूरी की है। इससे पहले फरवरी 2026 में नेहरू प्लेस में छह मंजिला पार्किंग सुविधा शुरू की गई थी।
विज्ञापन
भीकाजी कामा प्लेस में बहुमंजिला पार्किंग शुरू
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
भीकाजी कामा प्लेस में पार्किंग की समस्या से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने यहां अत्याधुनिक बहुमंजिला पार्किंग सुविधा तैयार कर आम जनता के लिए शुरू कर दी है। शुक्रवार को दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने इसका उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। पांच स्तरों वाली इस पार्किंग में एक साथ 432 कारें और 193 दोपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इसमें दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष पार्किंग स्थान निर्धारित किए गए हैं।
विज्ञापन
इस सुविधा के शुरू होने से भीकाजी कामा प्लेस के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में सड़क किनारे अवैध पार्किंग और वाहनों की भीड़ कम होने की उम्मीद है। अब तक कार्यालयों में आने वाले कर्मचारियों, कारोबारियों और अन्य लोगों को वाहन खड़े करने के लिए काफी परेशानी होती थी। पार्किंग की जगह नहीं मिलने पर लोग सड़क किनारे वाहन खड़े करने को मजबूर होते थे, जिससे यातायात भी प्रभावित होता था।
विज्ञापन
पांच स्तरों पर पार्किंग की सुविधा
डीडीए के मुताबिक, यह पार्किंग 6,040 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित की गई है। इसका कुल निर्मित क्षेत्र 15,449 वर्गमीटर है। इसमें बेसमेंट, भूतल, दो ऊपरी मंजिलें और छत पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यहां 432 कारों के लिए पार्किंग स्थान बनाए गए हैं। इनमें दिव्यांगजनों के लिए 20 स्थान आरक्षित हैं। इसके अलावा 193 दोपहिया वाहन खड़े हो सकेंगे। इनमें 10 स्थान विशेष रूप से दिव्यांगजनों के अनुकूल बनाए गए हैं।
विज्ञापन
फास्टैग से होगी पार्किंग में प्रवेश की सुविधा
पार्किंग को आधुनिक तकनीक से लैस किया गया है। यहां फास्टैग के जरिये प्रवेश की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा एक साथ 18 इलेक्ट्रिक कारों को चार्ज करने के लिए चार्जिंग केंद्र बनाए गए हैं। पार्किंग में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। प्रत्येक मंजिल तक पहुंचने के लिए लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध है। वाहन चालकों को खाली पार्किंग स्थान की जानकारी देने के लिए पार्किंग मार्गदर्शन एवं प्रबंधन प्रणाली लगाई गई है।
आपात स्थिति में आवश्यक सेवाएं जारी रखने के लिए बिजली का वैकल्पिक प्रबंध किया गया है। परिसर में पेयजल, महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, दिव्यांगजनों के लिए शौचालय और वाहन चालकों के लिए प्रतीक्षालय बनाया गया है। इसके साथ ही वर्षा जल संचयन, अग्निशमन और आग की सूचना देने वाली प्रणाली भी स्थापित की गई है।
40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई परियोजना
इस परियोजना को इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (ईपीसी) आधार पर पूरा किया गया है। इसमें निर्माण से जुड़ी सभी विकास संबंधी सुविधाएं शामिल हैं। डीडीए ने इसके निर्माण पर करीब 40 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। निर्माण एजेंसी को दो साल तक इसके रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी भी दी गई है।
एक साल में डीडीए की दूसरी बड़ी पार्किंग
डीडीए ने एक साल के भीतर दूसरी बड़ी बहुमंजिला पार्किंग परियोजना पूरी की है। इससे पहले फरवरी 2026 में नेहरू प्लेस में छह मंजिला पार्किंग सुविधा शुरू की गई थी। वहां 660 कारों और 350 दोपहिया वाहनों को खड़ा करने की क्षमता है। दोनों पार्किंग परियोजनाएं राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुधारने की दिशा में अहम मानी जा रही हैं।
