होली पर थी लोगों को बीमार करने की तैयारी: पकड़ा गया 200 किलो मिलावटी पनीर, पूरे NCR में होना था सप्लाई; Video
ग्रेटर नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने तिलपता गांव स्थित चौधरी पनीर भंडार से लगभग 200 किलोग्राम मिलावटी और दूषित पनीर जब्त किया।
विस्तार
खाद्य विभाग का होली पर मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को विभाग ने ग्रेटर नोएडा स्थित तिलपता गांव में एक दुकान पर छापा मारा। दुकान पर बरामद पनीर दूषित था और प्राथमिक जांच में मिलावट मिली। जिस पर दुकान के 200 किग्रा पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। वहीं अन्य जगहों पर भी खाद्य पदार्थों की जांच की। विभिन्न जगहों से कुल 10 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
200 किलो पनीर प्रदूषित और मिलावटी निकला
सहायक आयुक्त द्वितीय खाद्य सर्वेश मिश्रा ने बताया कि मंगलवार सुबह खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता व सय्यद इबादुल्लाह की टीम ने तिलपता गांव स्थित चौधरी पनीर भंडार की जांच की। यहां पर करीब 200 किग्रा पनीर मिला। प्राथमिक जांच में पनीर प्रदूषित और मिलावटी निकला। एक नमूना लेने के बाद बाकी पनीर को नष्ट करा दिया गया है।
खोया का नमूना भी लिया
वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके पांडेय व ओपी सिंह की टीम ने सेक्टर 45 नोएडा स्थित गणेश्वरम रेस्टोरेंट से खोया का एक नमूना और खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार व विजय बहादुर पटेल की टीम ने सेक्टर 93 नोएडा स्थित गोपाला स्वीट्स से खोया का एक नमूना लिया है। वहीं सोमवार को भी अलग-अलग क्षेत्र में जांच की गई।
एनसीआर में होना था पनीर सप्लाई
सेक्टर-12 नोएडा सब्जी मंडी स्थित प्रतिष्ठा द डेयरी से खोया का एक नमूना लिया गया। सेक्टर-143 नोएडा स्थित बीटीडब्ल्यू इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से चमचम व पनीर का एक-एक नमूना लिया गया। यमुना एक्सप्रेसवे पर सबलपुर अलीगढ़ की सुशील डेयरी के वाहन को रोककर पनीर का एक नमूना लिया गया। उस पनीर को एनसीआर में सप्लाई किया जा रहा है।
पिज्जा सॉस का भी नमूना लिया
सेक्टर 37 नोएडा स्थित सोहो किचेन एंड कंपनी से पिज्जा सॉस का एक नमूना लिया है। वहीं अंतर जनपदीय टीम भी लगातार निरीक्षण क रही है। टीम ने सेक्टर साइट-5 कासना स्थित खाद्य तेल निर्माण इकाई अल्टीमेट सॉल्यूशन से सरसों के तेल और नारियल तेल का एक-एक नमूना लिया है।