नोएडा (संवाद)। बागपत स्थित श्री गोपीचंद महाविद्यालय में सीनियर राज्य स्तरीय खो-खो चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ हो गया है। प्रतियोगिता में प्रदेशभर की महिला और पुरुष टीमें हिस्सा ले रही हैं। महिला वर्ग के मुकाबले 12 से 15 जून तक और पुरुष वर्ग के मैच 16 से 18 जून तक आयोजित किए जाएंगे। शुक्रवार को गौतमबुद्ध नगर की सीनियर बालिका टीम प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बागपत पहुंची। चैंपियनशिप में भदोही, आगरा, प्रयागराज, देवरिया, गोरखपुर, चंदौली और गौतमबुद्ध नगर सहित कई जिलों की टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता स्थल पर महाविद्यालय के चेयरमैन डॉ. उपेंद्र ने खिलाड़ियों का स्वागत किया। गौतमबुद्ध नगर खो-खो एसोसिएशन के जिला सचिव पप्पल गोस्वामी ने टीम को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान गौतमबुद्ध नगर टीम का पहला मैच मुजफ्फरनगर की टीम से हुआ। इसमें गौतमबुद्ध नगर की टीम ने 17-8 से जीत दर्ज कर बेहतरीन शुरूआत की है। कप्तान पायल ने बताया कि यह तो सिर्फ शुरूआत है। हमारी टीम मेडल लेकर ही लौटेंगे। इस दौरान मधु, विवेक, जितेंद्र, कोच सुनील भाटी और प्राची भाटी भी मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार चैंपियनशिप का उद्देश्य पारंपरिक खेल खो-खो को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को यूपी खो-खो लीग में खेलने का अवसर मिलेगा।