{"_id":"69c65597d60c5ec3eb00f42b","slug":"speed-will-not-decrease-even-after-leaving-noida-airport-2026-03-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"Noida: नोएडा एयरपोर्ट से निकलने पर भी कम नहीं होगी रफ्तार, जेवर में प्रस्तावित मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Noida: नोएडा एयरपोर्ट से निकलने पर भी कम नहीं होगी रफ्तार, जेवर में प्रस्तावित मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी
अतुल भारद्वाज, ग्रेटर नोएडा
Published by: Akash Dubey
Updated Fri, 27 Mar 2026 03:32 PM IST
विज्ञापन
सार
नोएडा हवाई अड्डे को तेज गति से जोड़ने के लिए रेल संपर्क योजना बनी है। चोला और रूंधी स्टेशनों का विकास होगा। 61 किलोमीटर नई रेल पटरी बिछेगी। इस पर लगभग 2,400 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
वंदे भारत
- फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन
विस्तार
नोएडा एयरपोर्ट से निकलने के बाद भी यात्रियों को तेज गति से अपने गंतव्य तक पहुंचाया जा सकेगा। इसके लिए चोला रेलवे स्टेशन के री-डेवलपमेंट की योजना है। शुरुआत में यहां से चार वंदे भारत ट्रेनों को लिंक किया जाना है। अन्य तेज गति वाली ट्रेनों के लिए भी यह स्टॉपज बनेगा।
Trending Videos
यमुना प्राधिकरण, यूपी सरकार और भारतीय रेलवे की संयुक्त योजना के मुताबिक नजदीक में रूंधी और चोला रेलवे स्टेशन को चिह्नित किया गया है। रूंधी दिल्ली-मुंबई रूट पर मौजूद है। चोला के साथ निकट भविष्य में रूंधी के री डेवलपमेंट पर भी काम शुरू हो सकता है। योजना यह है कि जेवर क्षेत्र के अलावा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी पर काम हो। इसके लिए 300 करोड़ रुपये का बजट भी पिछले सप्ताह यमुना प्राधिकरण ने बोर्ड से मंजूर कराया है। इस बजट का उपयोग रेल कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए जरूरी खर्च पर किया जाएगा। रेलवे की ओर से जल्द ही इस परियोजना पर काम शुरू हो जाएगा। जरूरी सर्वे इसके लिए हो चुका है।
विज्ञापन
विज्ञापन
28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों नोएडा एयरपोर्ट के लोकार्पण के प्रस्तावित होने के बाद रेल कनेक्टिविटी दिए जाने की योजना में भी तेजी आई है। अधिकारियों के मुताबिक चोला और रूंधी को आपस में लिंक करने के लिए 61 किलोमीटर लंबा नया ट्रैक बिछाया जाना है। माल ढुलाई हो सके, इसके लिए जेवर में एक स्टेशन विकसित कर रेलवे लाइन भी बिछाए जाने का काम होना है। यह लाइन दादरी के पास डेडीकेटेड फ्रेट कॉरीडोर से भी लिंक रहेगी। इस पूरी परियोजना पर लगभग 2,400 करोड़ का खर्च आने का अनुमान है। इसे पूरा होने में करीब तीन साल लगेंगे।
एयरपोर्ट के पास बनेगा ग्राउंड ट्रांसपोर्टेशन सेंटर
यमुना प्राधिकरण एयरपोर्ट के पास एक ग्राउंड ट्रांसपोर्टेशन सेंटर बनाया जाना है। यहां माल ढुलाई के लिए रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित होगा। सराय काले खां से नोएडा एयरपोर्ट को जोड़ने वाली रैपिड मेट्रो का प्रस्तावित भूमिगत स्टेशन भी यहीं बनाए जाने की योजना है। इससे यात्री सीधे दिल्ली और सराय काले खां रेलवे स्टेशन पर पहुंच सकेंगे। रैपिड मेट्रो ग्रेटर नोएडा और नोएडा से भी एयरपोर्ट को जोड़ेगी।
जेवर में प्रस्तावित मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट
रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम, नोएडा एयरपोर्ट भूमिगत स्टेशन
दिल्ली से वाराणसी के लिए बुलेट ट्रेन रूट पर नोएडा एयरपोर्ट स्टेशन
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का एयरपोर्ट के पास यमुना एक्सप्रेसवे का इंटरचेंज
नोएडा एयरपोर्ट आने वाले समय में रेल, रैपिड मेट्रो, बुलेट ट्रेन के अलावा कई एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ेगा। यमुना सिटी की मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी की योजना में यह शामिल है। इस पर तेजी से काम चालू है। - राकेश कुमार सिंह, सीईओ, यीडा।