नोएडा के बाद ग्रेनो में सुसाइड!: गौड़ सिटी-1 में तीसरी मंजिल से गिरकर युवक की मौत, काफी समय से डिप्रेशन में था
सोमवार को गौड़ सिटी-1 में 26 वर्षीय पुलकित गौतम तीसरी मंजिल से गिरकर मृत हो गया। अस्पताल में उसे मृत घोषित किया गया। पुलिस के अनुसार, युवक अवसाद में था और मामले की जांच जारी है।
विस्तार
ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित गौड़ सिटी-1 के फर्स्ट एवेन्यू में सोमवार को एक युवक तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान पुलकित गौतम (26) पुत्र रोशन लाल निवासी फर्स्ट एवेन्यू गौड़ सिटी-1 के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक युवक पिछले काफी समय से अवसाद (डिप्रेशन) में चल रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोमवार को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि गौड़ सिटी-1 के फर्स्ट एवेन्यू में एक युवक तीसरी मंजिल से गिर गया है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक की पहचान पुलकित गौतम के रूप में की। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि पुलकित पिछले काफी समय से अवसाद की समस्या से जूझ रहा था। हालांकि युवक के तीसरी मंजिल से गिरने की परिस्थितियों के संबंध में पुलिस अभी जांच कर रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटाई और परिजनों से भी पूछताछ की।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की स्थिति और अन्य तथ्यों की जांच में मदद मिलने की उम्मीद है। मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।