मानसून की बेरुखी: बारिश के ऑरेंज अलर्ट के बाद भी न बरसे बदरा, कल के लिए भी अलर्ट, 12 जुलाई तक पूर्वानुमान जारी
मानसून आने के बावजूद सोमवार को भीषण गर्मी और उमस रही। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट दिया था। अब 7 से 12 जुलाई तक बारिश का यलो अलर्ट है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली में मानसून ने दस्तक दे दी है। लेकिन, इसका खास असर देखने को नहीं मिल रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। स्थिति इससे अलग ही देखने को मिली। सोमवार को भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल नजर आए। दिल्ली में असल तापमान के मुकाबले गर्मी अधिक महसूस की गई। ज्यादातर इलाकों में सुबह से ही तेज धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ सूर्यदेव अपने और तल्ख तेवर दिखाने लगे।
दोपहर एक-दो बजे लोगों को गर्म हवा के थपेड़ों का भी अहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38.6 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा, अधिकतम 98 और न्यूनतम आर्द्रता 55 फीसदी दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान 24-27 और अधिकतम तापमान 36-39 डिग्री सेल्सियस के दायरे में रहा।
आज बारिश का यलो अलर्ट जारी
दिल्ली में अगले छह दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 7 से 12 जुलाई के बीच आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 7 जुलाई को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। इसको लेकर मौसम विभाग ने बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
12 जुलाई तक 38 डिग्री पहुंचेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार, 8 से 10 जुलाई के दौरान भी दोपहर के आसपास हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 11 और 12 जुलाई को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे, हालांकि बारिश की संभावना अपेक्षाकृत कम रहेगी।