BITS Pilani: गोवा के बिट्स पिलानी कैंपस में पंखे से लटका मिला इंजीनियरिंग छात्रा का शव, दो साल में छठा मामला
BITS Pilani: गोवा के बिट्स पिलानी कैंपस में तीसरे वर्ष की इंजीनियरिंग छात्रा ने कथित तौर पर हॉस्टल में आत्महत्या कर ली। कैंपस में दो साल में यह छठा मामला है। पुलिस जांच कर रही है, संस्थान की ओर से अभी बयान नहीं आया है।
विस्तार
Student Suicide: दक्षिण गोवा के बिट्स पिलानी कैंपस में एक छात्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय विष्णवी जितेश इंजीनियरिंग की तीसरे वर्ष की छात्रा थी। वह रविवार देर रात अपने हॉस्टल कमरे में फांसी के फंदे पर लटकी हुई पाई गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि छात्रा का शव हॉस्टल के कमरे में छत के पंखे से बंधी बेडशीट में लटका हुआ मिला। यह घटना रविवार देर रात की है। वेर्णा पुलिस को रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि एक छात्रा ने अपने कमरे में आत्महत्या कर ली है।
पुलिस के अनुसार, मृतक छात्रा बेंगलुरु की रहने वाली थीं और बिट्स पिलानी के गोवा कैंपस में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) की पढ़ाई कर रही थीं।
दो वर्षों में छठा मामला
यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि पिछले दो वर्षों में वास्को स्थित बिट्स पिलानी कैंपस में आत्महत्या का यह छठा मामला बताया जा रहा है।
छात्रों द्वारा आत्महत्या के मामलों को लेकर हाल ही में गोवा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भी मुद्दा उठाया गया था। उस दौरान मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सदन को बताया था कि कुछ मामलों में छात्र परीक्षाओं के दबाव के कारण यह कदम उठा रहे हैं।
फिलहाल, इस घटना को लेकर बिट्स पिलानी प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
